DVC ने छोड़ा 1.2 लाख क्यूसेक पानी, 5 जिले में अलर्ट

भारी मानसूनी बारिश से बंगाल में बढ़ा बाढ़ का खतरा
DVC ने छोड़ा 1.2 लाख क्यूसेक पानी, 5 जिले में अलर्ट
Published on

मुनमुन, सन्मार्ग संवाददाता

कोलकाता : भारी मानसूनी बारिश और झारखंड के तेनुघाट बांध से बढ़े हुए जलप्रवाह के बीच दामोदर वैली कॉरपोरेशन (DVC) ने अपने मैथन और पंचेत जलाशयों से 1.2 लाख क्यूसेक पानी छोड़ा है। इस भारी जल निकासी से पश्चिम बंगाल के निचले और तटीय इलाकों में बाढ़ का गंभीर खतरा मंडराने लगा है। लगातार हो रही बारिश और ऊपरी जलग्रहण क्षेत्रों से आ रहे अतिरिक्त दबाव को नियंत्रित करने के लिए दामोदर वैली रिजर्वॉयर रेगुलेशन कमेटी (DVRRC) के निर्णय के तहत यह कदम उठाया गया है।

DVC पानी छोड़ने के बाद बढ़ी सतर्कता

DVC द्वारा पानी छोड़े जाने के कारण पश्चिम बंगाल के पांच प्रमुख जिलों पूर्वी बर्धमान, पश्चिमी बर्धमान, बांकुड़ा, हुगली और हावड़ा में हाई अलर्ट जारी कर दिया गया है। प्रशासन ने नदी के किनारे स्थित बस्तियों और संवेदनशील स्थानों पर कड़ी नजर रखने के निर्देश दिए हैं। DVRRC की इस समिति में पश्चिम बंगाल सरकार के प्रतिनिधि भी शामिल होते हैं, जो जलाशय के स्तर और बारिश के पूर्वानुमान के आधार पर इस प्रक्रिया को नियंत्रित करते हैं। राज्य सरकार और जिला प्रशासन को संभावित बाढ़ से निपटने के लिए पूरी तरह सतर्क रहने को कहा गया है। हालांकि DVC अधिकारियों का मानना है कि समिति में राज्य सरकार के प्रतिनिधि शामिल होने के कारण इस बार अनावश्यक राजनीतिक विवाद से बचा जा सकेगा, फिर भी जमीनी स्तर पर सुरक्षा और बचाव दल मुस्तैद कर दिए गए हैं।

Google पर सन्मार्ग न्यूज़ पडे →
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in