निधि, सन्मार्ग संवाददाता
बनगांव : पश्चिम बंगाल के उत्तर 24 परगना जिले में सुरक्षा के लिए तैनात केंद्रीय बल के जवानों की एक गैर-जिम्मेदाराना हरकत के कारण एक गरीब वैन चालक गंभीर रूप से घायल हो गया है। घटना शुक्रवार दोपहर गाइघाटा थाना क्षेत्र के ठाकुरनगर हाई स्कूल के पास की है। आरोप है कि शराब के नशे में धुत एक जवान ने महज मौज-मस्ती के लिए बुजुर्ग चालक से उसकी ई-वैन (बैटरी चलित) छीनकर चलाने की कोशिश की और सड़क किनारे जोरदार टक्कर मार दी।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, 62 वर्षीय सूर्य पोद्दार अपनी वैन लेकर ठाकुरनगर से चांदपाड़ा जा रहे थे। स्कूल के पास चाय पी रहे जवानों ने उन्हें रोका और वैन पर सवार हो गए। इसके बाद एक जवान ने जिद करके वैन चलानी शुरू कर दी। कथित तौर पर नशे में होने के कारण वह संतुलन खो बैठा और वैन को पास के एक ढांचे से टकरा दिया। टक्कर इतनी भीषण थी कि आगे बैठे सूर्य पोद्दार सड़क पर गिर पड़े और उनका पैर बुरी तरह कट गया। भारी मात्रा में खून बहने के कारण उन्हें पहले चांदपाड़ा ग्रामीण अस्पताल और फिर बनगाँव उप-मंडल अस्पताल रेफर किया गया।
घटना की सूचना मिलते ही गाइघाटा पुलिस मौके पर पहुँची और आरोपी चार जवानों को हिरासत में लेकर मेडिकल जांच के लिए भेज दिया। स्थानीय पंचायत सदस्य अखिल अधिकारी ने इस घटना की कड़ी निंदा करते हुए कहा, "केंद्रीय बल हमारी सुरक्षा के लिए हैं, लेकिन नशे में ऐसी हरकत करना शर्मनाक है।" ग्रामीणों ने घायल गरीब चालक के इलाज और मुआवजे की मांग की है। बताया जा रहा है कि आरोपी जवान चुनाव ड्यूटी के लिए ठाकुरनगर हाई स्कूल में बने कैंप में ठहरे हुए थे।