निधि, सन्मार्ग संवाददाता
नदिया : पश्चिम बंगाल के प्रसिद्ध पर्यटन स्थल मंदारमणि में एक बेहद दर्दनाक हादसा सामने आया है, जहां समुद्र में नहाने के दौरान एक ही परिवार के तीन लोग तेज लहरों में बह गए। मृतकों में 10 वर्ष का एक बालक शामिल है, जिसका शव बरामद कर लिया गया है। वहीं नदिया जिले के शांतिपुर निवासी सुमन शील (24) और उनकी पत्नी वृष्टि शील (18) अब भी लापता हैं। यह हादसा सोमवार को मंदारमणि के मुहाने (मोहना) क्षेत्र में उस समय हुआ, जब दंपति अपने रिश्तेदार के 10 वर्षीय बेटे सोमनाथ हलदार के साथ टोटो में घूमकर समुद्र तट पर नहाने उतरे थे।
तटीय पुलिस और आपदा प्रबंधन टीम का सर्च ऑपरेशन जारी
अचानक आई तेज लहरों के कारण तीनों गहराई में चले गए और डूब गए। घटना की सूचना मिलते ही मंदारमणि कोस्टल पुलिस और आपदा प्रबंधन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और बचाव अभियान शुरू किया। कड़ी मशक्कत के बाद बालक सोमनाथ हलदार का शव पानी से बाहर निकाला गया, जो नदिया के कृष्णगंज का रहने वाला था। लापता पति-पत्नी की तलाश के लिए समुद्र में व्यापक सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है। इस घटना से पूरे तटीय इलाके और पर्यटकों में शोक की लहर दौड़ गई है।