नयी दिल्ली : हैदराबाद की डॉ शिवरंजनी संतोष ने बच्चों में होने वाली एक बेहद दुर्लभ किस्म की बीमारी की दवा, जिसकी कीमत लगभग 9 करोड़ रुपये होती थी, सिर्फ 2.5 लाख रुपये में उपलब्ध करवा कर 7 बच्चों को ‘नया जीवन’ दिया है। डॉ शिवरंजनी वही पीडियाट्रिशयन हैं जिन्होंने मीठे ड्रिंक को ORS कहकर मार्केट में बेचने वालों के खिलाफ तगड़ी जंग छेड़ी थी और सरकार की FSSAI संस्था को ORS पर नयी गाइडलाइन बनानी पड़ी थी।
कैसे उपलब्ध करायी दवा?
एक सामान्य परिवार के लिए लाखों रुपये दवाई का बंदोबस्त करना बेहद मुश्किल होता है। डॉ. शिवरंजनी ने ‘एक्सेस टू मेडिसिन्स इंडिया’ और ‘फार्मास्यूटिकल अकाउंटेबिलिटी फाउंडेशन’ के सहयोग से ‘टिराट्रिकोल’ (Tiratricol) नाम की दवा को कम कीमत पर उपलब्ध कराया। इस प्रयास से इन बच्चों के परिवारों के लिए इलाज का खर्च काफी कम हो गया है।
क्या है AHDS बीमारी
एलन-हेरंडन-डडली सिंड्रोम (AHDS) नाम की दुर्लभ आनुवंशिक बीमारी में थायरॉइड हार्मोन मस्तिष्क तक नहीं पहुंच पाता, जिससे बच्चों के विकास, चलने-फिरने और मांसपेशियों के नियंत्रण पर असर पड़ता है। इसके प्रभावों को नियंत्रित करने में टिराट्रिकोल मदद कर सकती है।
एक बच्चे से मुहिम की शुरुआत
इस मुहिम की शुरुआत आरव नाम के बच्चे के मामले से हुई। उसकी मां पवित्रा सिरोलकर को जर्मनी से एक महीने की दवा मंगाने के लिए 12-13 लाख रुपये खर्च करने पड़े। परिवार के लिए लगातार इतना खर्च उठाना संभव नहीं था। डॉ. शिवरंजनी का कहना था कि जीवनभर इलाज के लिए हर महीने 20 हजार रुपये खर्च करना भी ज्यादातर परिवारों के लिए संभव नहीं है। डॉ. शिवरंजनी ने पहले दवा कंपनियों से संपर्क किया लेकिन हल नहीं मिला। इसके बाद उन्होंने सोशल मीडिया पर अपील कर सरकार से मदद मांगी। एक पत्रकार के प्रयास से मामला एक्सस टू मेडिसिन इंडिया और नीदरलैंड के फॉर्मास्युटिकल अकाउंटेबिलिटी फाउंडेशन तक पहुंचा।
अब तक सात बच्चों की पहचान
अब तक इस बीमारी से पीड़ित सात बच्चों की पहचान हो चुकी थी। नीदरलैंड की फाउंडेशन ने दवा तैयार करने की प्रक्रिया पर काम किया और हेग स्थित ‘ट्रांसवाल फार्मेसी’ ने इसका फॉर्मूलेशन विकसित किया। इन प्रयासों के बाद अब सातों बच्चों के एक साल के इलाज का अनुमानित खर्च करीब 15.08 लाख रुपये है। डॉ. शिवरंजनी ने भारत में 6.09 लाख रुपये जुटाये जबकि बाकी 9.13 लाख रुपये की व्यवस्था नीदरलैंड के फाउंडेशन ने की। पहली दवा 30 नवंबर को सौंपी जानी है।