डॉ. कृष्ण गुप्ता को मिली चुनावी कमान, बने राज्य निर्वाचन आयुक्त

नगर निकाय चुनावों की चुनावी तैयारियों में आएगी तेजी
आईएएस अधिकारी डॉ. कृष्ण गुप्ता
आईएएस अधिकारी डॉ. कृष्ण गुप्ता
Published on

केडी पार्थ, सन्मार्ग संवाददाता

कोलकाता : पश्चिम बंगाल सरकार ने वरिष्ठ आईएएस अधिकारी डॉ. कृष्ण गुप्ता को राज्य का नया राज्य निर्वाचन आयुक्त नियुक्त किया है। गुरुवार को जारी अधिसूचना के साथ ही आगामी नगरपालिका और नगर निकाय चुनावों की तैयारियों को लेकर प्रशासनिक गतिविधियां तेज होने की उम्मीद बढ़ गई है। चुनावों के निष्पक्ष और शांतिपूर्ण संचालन की जिम्मेदारी अब उनके नेतृत्व में राज्य निर्वाचन आयोग निभाएगा।

जारी हुई आधिकारिक अधिसूचना

पश्चिम बंगाल सरकार ने गुरुवार को एक आधिकारिक अधिसूचना जारी कर डॉ. कृष्ण गुप्ता के नाम की घोषणा की। इसके साथ ही उन्होंने राज्य निर्वाचन आयुक्त के रूप में नई जिम्मेदारी संभाल ली है। डॉ. कृष्ण गुप्ता प्रशासनिक सेवा के अनुभवी अधिकारियों में गिने जाते हैं। उन्होंने अपने करियर में कई महत्वपूर्ण विभागों और प्रशासनिक पदों पर कार्य करते हुए प्रभावी नेतृत्व का परिचय दिया है।

निकाय चुनावों पर रहेगी नजर

राज्य में आने वाले महीनों में कई नगरपालिकाओं और नगर निकायों के चुनाव प्रस्तावित हैं। ऐसे में चुनावी प्रक्रिया के संचालन और निगरानी की सबसे महत्वपूर्ण जिम्मेदारी राज्य निर्वाचन आयोग पर होगी। मतदाता सूची, चुनाव कार्यक्रम, मतदान प्रक्रिया और मतगणना सहित चुनाव से जुड़े सभी पहलुओं की निगरानी आयोग करेगा। डॉ. गुप्ता के नेतृत्व में आयोग से निष्पक्ष, पारदर्शी और शांतिपूर्ण चुनाव कराने की अपेक्षा की जा रही है।

जिलों के साथ बढ़ेगा समन्वय

आगामी चुनावों को देखते हुए राज्य निर्वाचन आयोग जल्द ही विभिन्न जिलों के प्रशासनिक अधिकारियों के साथ बैठकें शुरू कर सकता है। चुनावी तैयारियों की समीक्षा और समन्वय पर विशेष जोर दिया जाएगा। डॉ. कृष्ण गुप्ता की नियुक्ति को राजनीतिक और प्रशासनिक दोनों ही हलकों में महत्वपूर्ण माना जा रहा है। माना जा रहा है कि उनके अनुभव और प्रशासनिक दक्षता का लाभ आगामी स्थानीय निकाय चुनावों के सफल संचालन में मिलेगा।

Google पर संवाद सर्च बनाएं →
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in