

निधि, सन्मार्ग संवाददाता
हावड़ा : डोमजूड़ के बेगड़ी ग्राम पंचायत कार्यालय में गुरुवार को अन्नपूर्णा भंडार योजना की राशि नहीं मिलने से नाराज बड़ी संख्या में महिलाओं ने पंचायत कार्यालय का घेराव कर विरोध प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारी महिलाओं का आरोप है कि उन्होंने पिछले महीने की शुरुआत में योजना के लिए ऑफलाइन आवेदन सभी आवश्यक दस्तावेजों के साथ पंचायत कार्यालय में जमा किए थे। इसके बावजूद उन्हें योजना का लाभ नहीं मिला। महिलाओं का आरोप है कि तृणमूल कांग्रेस संचालित बेगड़ी ग्राम पंचायत ने केवल तृणमूल समर्थकों के आवेदन ही ऑनलाइन अपलोड किए, जिसके कारण उन्हीं लोगों के खातों में योजना की राशि पहुंची। अन्य आवेदकों के आवेदन जमा होने के बावजूद उन्हें लाभ से वंचित रखा गया है।
पंचायत में भ्रष्टाचार और पक्षपात का लगाया आरोप
प्रदर्शनकारियों ने पंचायत में भ्रष्टाचार और पक्षपात का आरोप लगाते हुए चेतावनी दी कि यदि जल्द उनके खातों में योजना की राशि नहीं आई तो वे पंचायत कार्यालय में ताला बंद कर देंगे। सूचना मिलने पर डोमजूड़ थाना पुलिस मौके पर पहुंची और प्रदर्शनकारियों को समझाकर स्थिति सामान्य करने का प्रयास किया। हालांकि काफी देर तक महिलाओं का विरोध प्रदर्शन जारी रहा। इस बीच पंचायत प्रधान देवाशीष घोष कार्यालय नहीं पहुंचे। उनके आवास पर भी संपर्क नहीं हो सका और उनका मोबाइल फोन बंद मिलने से प्रशासनिक पक्ष सामने नहीं आ सका।