हावड़ा के डोमजूड़ में कचरा प्रबंधन केंद्र अनिश्चितकाल के लिए बंद

क्षमता से अधिक कचरा जमा होने से ठप हुई सेवा, कर्मचारियों का वेतन भी अटका
Domjur Waste Management Plant Closed in Howrah Waste Collection Suspended
सांकेतिक फोटो REP
Published on

निधि, सन्मार्ग संवाददाता

हावड़ा : हावड़ा जिले के डोमजूड़ ब्लॉक अंतर्गत दक्षिण झांपड़दह पंचायत में स्थित एकमात्र ठोस कचरा प्रबंधन केंद्र अत्यधिक कचरे के दबाव के कारण अनिश्चितकाल के लिए बंद हो गया है। डोमजूड़ पंचायत समिति द्वारा संचालित इस केंद्र से उत्तर झांपड़दह, दक्षिण झांपड़दह, डोमजूड़ और पार्वतीपुर पंचायतों का कचरा एकत्रित कर उसका प्रसंस्करण किया जाता था। अगस्त माह से केंद्र के बंद होने से चारों पंचायतों के घरों के बाहर कचरे के बड़े-बड़े ढेर लग गए हैं, जिससे दुर्गंध फैल रही है और संक्रामक बीमारियों का खतरा बढ़ गया है। केंद्र के कर्मचारियों का आरोप है कि उन्हें जून और जुलाई का वेतन नहीं मिला है और जनबल की भारी कमी के कारण यह स्थिति पैदा हुई है।

जल्द सेवा शुरू करने की कोशिश, विधायक ने ब्लॉक प्रशासन से की बातचीत

कचरा प्रबंधन केंद्र के ठप होने से आम जनता को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। मामले की गंभीरता को देखते हुए जगतबल्लभपुर के विधायक अनुपम घोष ने बताया कि केंद्र में जमा पुराने कचरे को तेजी से हटाकर इसे फिर से चालू करने के लिए ब्लॉक प्रशासन से लगातार बातचीत की जा रही है। उन्होंने माना कि क्षेत्र के स्वास्थ्य और पर्यावरण को देखते हुए इस केंद्र का पुनः संचालन बेहद आवश्यक है। हालांकि, कचरा संग्रहण सेवा कब से पूरी तरह बहाल होगी, इस पर फिलहाल अनिश्चितता बनी हुई है।

सन्मार्ग को Google पर पसंदीदा सोर्स बनाएं →
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in