अन्नपूर्णा योजना की राशि न मिलने पर डोमजूड़ बीडीओ कार्यालय के सामने प्रदर्शन

अधिकारियों ने दिया समाधान का आश्वासन
Annapurna Scheme Protests at Domjur BDO Office Over Pending Funds
सांकेतिक फोटो REP
Published on

नि​धि, सन्मार्ग संवाददाता

हावड़ा : हावड़ा के डोमजूड़ में अन्नपूर्णा योजना के तहत निर्धारित राशि का भुगतान न होने से नाराज महिलाओं ने मंगलवार को ब्लॉक विकास अधिकारी (बीडीओ) कार्यालय के सामने जोरदार प्रदर्शन किया। पीड़ित महिलाओं ने कार्यालय का घेराव कर अपनी बकाया राशि जल्द जारी करने की मांग की, जिससे कुछ देर के लिए परिसर में तनाव की स्थिति बनी रही।

लंबी अनदेखी के बाद आंदोलन का रास्ता

प्रदर्शनकारी महिलाओं का कहना है कि वे योजना की सभी पात्रता शर्तों को पूरा करती हैं, लेकिन इसके बावजूद लंबे समय से उन्हें वित्तीय सहायता नहीं मिल रही है। स्थानीय प्रशासन से बार-बार गुहार लगाने और लिखित शिकायतें दर्ज कराने के बाद भी कोई कार्रवाई नहीं हुई। महिलाओं ने स्पष्ट किया कि यह राशि उनके दैनिक जीवन के लिए बेहद महत्वपूर्ण है और लगातार देरी के कारण उन्हें भारी आर्थिक तंगी झेलनी पड़ रही है।

प्रशासनिक आश्वासन के बाद शांत हुआ मामला

घेराव और नारेबाजी की खबर मिलते ही प्रशासनिक अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर प्रदर्शनकारी महिलाओं से वार्ता की। अधिकारियों ने महिलाओं की समस्याएं सुनीं और मामले की त्वरित जांच कर बकाया राशि के भुगतान का ठोस आश्वासन दिया। इसके पश्चात महिलाओं ने अपनी आधिकारिक शिकायत दर्ज कराई और प्रदर्शन समाप्त किया।

सन्मार्ग को Google पर पसंदीदा सोर्स बनाएं →
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in