ताजपुर में समुद्र में डूबने से सोदपुर के डॉक्टर दंपती की दर्दनाक मौत

विश्व बांग्ला गेट के पास मिले शव; छुट्टियां बिताने गए थे पति-पत्नी, जांच में जुटी पुलिस
Doctor Couple from Sodepur Drowns in Tajpur Sea, Bodies Recovered Near Vishwa Bangla Gate
फाइल फोटो
Published on

निधि, सन्मार्ग संवाददाता

सोदपुर : पूर्व मेदिनीपुर के प्रसिद्ध पर्यटन स्थल तजपुर में एक हृदयविदारक घटना सामने आई है, जहाँ समुद्र में डूबने से चिकित्सक दंपती की मौत हो गई। मृतकों की पहचान डॉ. कुंतल चक्रवर्ती (35) और उनकी पत्नी डॉ. शैलजा भारद्वाज (30) के रूप में हुई है। वे उत्तर 24 परगना के सोदपुर (पानीहाटी नगरपालिका के वार्ड नंबर 32) के विवेकानंद पार्क इलाके के निवासी थे। इस घटना के बाद सोदपुर और पानीहाटी इलाके में मातम पसर गया है।

रात के समय समुद्र में समाए दंपती

स्थानीय सूत्रों और पुलिस के अनुसार, डॉ. कुंतल और डॉ. शैलजा दो दिन पहले अपनी कार से छुट्टियां बिताने तजपुर आए थे। बुधवार रात तजपुर के विश्व बांग्ला गेट के पास पर्यटकों और स्थानीय व्यापारियों ने समुद्र के पानी में दो शवों को तैरते हुए देखा। तुरंत इसकी सूचना मंदारमणि कोस्टल थाना पुलिस को दी गई। पुलिस ने गोताखोरों की मदद से दोनों शवों को बाहर निकाला और बलिसाई अस्पताल ले गए, जहाँ डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

हादसा या कुछ और? जांच जारी

पुलिस प्रारंभिक तौर पर इसे एक दुर्घटना मान रही है। कयास लगाया जा रहा है कि दंपती रात के समय समुद्र किनारे बैठे थे, तभी अचानक आई तेज लहरों की चपेट में आकर वे गहरे पानी में चले गए। रात का अंधेरा होने के कारण किसी की नजर उन पर नहीं पड़ी। हालांकि, पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि वे समुद्र में गिरे कैसे। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सटीक कारणों का पता चल सकेगा। फिलहाल दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए कांथी उपमंडल अस्पताल भेज दिया गया है।

इस दुखद खबर के मिलते ही सोदपुर स्थित उनके आवास पर सन्नाटा पसरा है। परिवार के सदस्यों को सूचित कर दिया गया है और वे घटना स्थल के लिए रवाना हो गए हैं।

संबंधित समाचार

No stories found.

कोलकाता सिटी

No stories found.

खेल

No stories found.
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in