राजभवन में मनायी गयी दीपावली

राज्यपाल बोस ने कर्मचारियों संग मनाया प्रकाश का पर्व
राजभवन में मनायी गयी दीपावली
Published on

सबिता, सन्मार्ग संवाददाता

कोलकाता : राजभवन कोलकाता में दिवाली हर्षोल्लास के साथ मनायी गयी। राज्यपाल डॉ. सी वी आनंद बोस और उनकी पत्नी ने कर्मचारियों के साथ दिवाली की खुशियां बांटीं। इस विशेष अवसर पर राज्यपाल और उनकी धर्मपत्नी ने न सिर्फ कर्मचारियों को शुभकामनाएं दीं, बल्कि उनके साथ दीये जलाए और फूलझड़ियों की जगमगाहट का आनंद भी लिया। राजभवन परिसर दीयों बिजली की रंग-बिरंगी रोशनी से रोशन था, जिससे वातावरण पूर्णतः उत्सवमय हो उठा। दिवाली की इस सांझ ने राजभवन में एक पारिवारिक माहौल बना दिया। इस आयोजन ने कर्मचारियों के बीच एक नयी ऊर्जा और उत्साह का संचार किया। इसकी तस्वीरें भी साझा की गयीं। राज्यपाल ने इस मौके पर लोगों को दीपावली और कालीपूजा की शुभकामनाएं दीं। राज्यपाल बोस ने अपने संदेश में कहा कि प्रकाश का यह पर्व हमारे जीवन को प्रकाशित करे और हमें सद्भाव की ओर ले जाये। उन्होंने इस शुभ दिन लोगों के अच्छे स्वास्थ्य, समृद्धि और प्रगति की कामना की। दिवाली न केवल रोशनी का त्योहार है, बल्कि यह आपसी भाईचारे, एकता और सकारात्मक ऊर्जा का प्रतीक भी है। जब हम साथ मिलकर इस पर्व को मनाते हैं, तो सामाजिक बंधन और मजबूत होते हैं। उन्होंने सभी को पर्व की शुभकामनाएं व्यक्त की हैं। उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

मुख्य बातें

* राज्यपाल डॉ. आनंद बोस ने कर्मचारियों के साथ मनाया दीपों का त्योहार

* एकता और सौहार्द का दिया संदेश

* राज्यपाल ने दीये जलाकर सामाजिक एकता पर दिया जोर

* कर्मचारियों ने भी उत्साहपूर्वक लिया हिस्सा

* परिवार की तरह मिले राज्यपाल और राजभवन की टीम

राज्यभर में धूमधाम से दीपावली मनायी गयी : सोमवार को राज्यभर में धूमधाम से दीपावली मनायी गयी। कालीपूजा पर मंदिरों में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। सुबह से काली मंदिरों में लोगों की भीड़ रही। कालीघाट मंदिर, दक्षिणेश्वर मंदिर, तारापीठ मंदिर, बड़ो मां मंदिर सहित विभिन्न मंदिरों में लंबी कतार रही।

Google पर सन्मार्ग न्यूज़ पडे →
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in