

बर्दवान: मंगलवार को मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने नौवीं कक्षा के विद्यार्थियों के लिए साइकिल वितरण कार्यक्रम का उद्घाटन किया। यह कार्यक्रम राज्य सरकार की सबुज साथी योजना के तहत आयोजित किया गया है, जिसके तहत अब तक कुल 1.38 करोड़ साइकिल वितरित की जा चुकी हैं। इस बार राज्य में 12.5 लाख छात्रों को साइकिल मुफ्त बांटी जाएंगी।
मुख्यमंत्री ने अपने एक्स हैंडल पर कहा कि इस योजना के ग्यारहवें चरण की शुरुआत पूर्व बर्दवान से हुई है। इस चरण के लिए 525 करोड़ रुपये का बजट आवंटित किया गया है। आज ही राज्यभर में 50,000 से अधिक साइकिलें वितरित की जा रही हैं, जबकि शेष साइकिलें जल्द ही छात्रों को दी जाएंगी।
उन्होंने बताया कि 2015-16 में शुरू हुई इस योजना के दस चरणों में अब तक 1.38 करोड़ से अधिक साइकिलें दी जा चुकी हैं, जिन पर कुल 4730 करोड़ रुपये खर्च हो चुके हैं। ममता बनर्जी ने कहा कि यह योजना न केवल छात्रों को स्कूल पहुंचने में मदद करती है, बल्कि शिक्षा के क्षेत्र में ड्रॉप-आउट की दर को भी कम करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। साथ ही, यह पर्यावरण के अनुकूल पहल भी है। मुख्यमंत्री ने सभी छात्रों और बंगाल के लोगों को इस सफल परियोजना के लिए बधाई दी।