राजभवन में शिक्षा पर मंथन

राज्यपाल से मिले 6 वीसी,चांसलर की भूमिका में राज्यपाल ने वीसी चयन प्रक्रिया की ली समीक्षा
राजभवन में शिक्षा पर मंथन
Published on

सबिता, सन्मार्ग संवाददाता

कोलकाता : राज्यपाल डॉ. सी वी आनंद बोस जो कि विश्वविद्यालयों के आचार्य भी हैं, उन्होंने सोमवार को 6 वीसी से मुलाकात की। राजभवन सूत्रों के मुताबिक राज्यपाल ने प्रत्येक वीसी से बातचीत करते हुए उनके बारे में विस्तार से जाना। राज्यपाल ने उन छह विश्वविद्यालयों के वीसी को बातचीत के लिए बुलाया था जिनके नाम छह विश्वविद्यालयों के स्थायी कुलपति के रूप में तय किये गये हैं। सूत्रों के मुताबिक अंतिम नियुक्ति को मंजूरी देने से पहले राज्यपाल ने सोमवार की शाम राजभवन में इनके साथ बैठक की। यह बैठक काफी अहम मानी जा रही है। सूत्रों के मुताबिक जल्द ही वीसी विश्वविद्यालयों में जा सकते हैं। ये छह विश्वविद्यालय हैं कलकत्ता विश्वविद्यालय, जादवपुर विश्वविद्यालय, गौर बंग विश्वविद्यालय, विश्व बांग्ला, काजी नजरुल विश्वविद्यालय और साधु रामचंद मुर्मू विश्वविद्यालय। ऐसा माना जा रहा है कि इन विश्वविद्यालयों की फाइलों को राजभवन द्वारा मंजूरी जल्द दे दी जा सकती है, क्योंकि इस प्रक्रिया को राजभवन से अंतिम मंजूरी का इंतजार है। सुप्रीम कोर्ट ने अपने हालिया आदेश में छह विश्वविद्यालयों में वीसी की नियुक्ति को मंजूरी दी है। यहां बता दें कि आचार्य की तरफ आधिकारिक रूप से फिलहाल कुछ नहीं कहा गया है।

एक नजर मुख्य बातों पर :

राज्यपाल ने छह कुलपतियों से की मुलाकात

सुप्रीम कोर्ट के आदेश के बाद तेज हुई प्रक्रिया

राज्यपाल ने हर वीसी से व्यक्तिगत रूप से की बातचीत, फाइलों पर जल्द लग सकती है मुहर

कलकत्ता से जादवपुर तक 6 विश्वविद्यालयों को लेकर हुई चर्चा : सूत्र

चांसलर की भूमिका में राज्यपाल ने वीसी चयन प्रक्रिया की ली समीक्षा

ये हैं विश्वविद्यालय और वीसी

कलकत्ता विश्वविद्यालय से डॉ. आशीष घोष

जादवपुर विश्वविद्यालय से चिरंजीव भट्टाचार्य

विश्व बांग्ला विश्वविद्यालय से डॉ. आबु तालेब खान

साधु रामचंद मुर्मू विश्वविद्यालय से चंद्रदीपा घोष

गौर बंग विश्वविद्यालय से आशीष बंद्योपाध्याय

काजी नजरुल विश्वविद्यालय से उदय बंद्योपाध्याय

Google पर संवाद सर्च बनाएं →
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in