

नयी दिल्ली : दिल्ली के पुराने किले में शुक्रवार से शुरू हो रहे शंघाई सहयोग संगठन (एससीओ) सभ्यतागत संवाद मंच के दौरान आयोजित प्रदर्शनी में मौर्यकालीन टेराकोटा की मूर्तियां, पत्थर से बनी राजपूतकालीन वैकुंठ विष्णु की प्रतिमा और 'इंद्रप्रस्थ' का उल्लेख करने वाले अभिलेखयुक्त पुरावशेष प्रदर्शित किए गए हैं। 'अस्तित्व- द एसेंस ऑफ आवर एक्जिस्टेंस' नामक इस प्रदर्शनी के माध्यम से भारत की प्राचीन सभ्यतागत पहचान को विदेशी प्रतिनिधियों के सामने प्रस्तुत किया गया है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार शाम इस मंच का उद्घाटन और प्रदर्शनी का अवलोकन भी किया। प्रधानमंत्री कार्यालय (पीएमओ) ने बृहस्पतिवार को कहा था कि प्रदर्शनी में 1,200 ईसा पूर्व से 1200 ईस्वी तक के पुरातात्विक साक्ष्यों के माध्यम से दिल्ली के इतिहास की झलक पेश की जाएगी। इसमें उत्खनन से प्राप्त अवशेष, पुरावशेष, स्थापत्य खंड और अन्य महत्वपूर्ण खोजें शामिल होंगी। दिल्ली के मध्य में स्थित यह प्राचीन स्थल भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण (एएसआई) के अधिकार क्षेत्र में आता है। एक अधिकारी ने बताया कि इसे रविवार तक आम लोगों के लिए बंद रखा गया है।
एएसआई के निदेशक (संग्रहालय) वसंत स्वर्णकार ने बताया कि इस स्थल को मंच के आयोजन के लिए इसलिए चुना गया है क्योंकि यहां 3,200 साल से अधिक पुरानी ‘सभ्यतागत परतें’ मौजूद हैं, जो भारत की संस्कृति की गहरी जड़ों को दर्शाती हैं। उन्होंने कहा कि यहां हुई खुदाई से उन देशों के साथ भारत के व्यापारिक संबंधों के साक्ष्य भी मिले हैं, जो आज एससीओ के सदस्य हैं। स्वर्णकार के अनुसार, पुराना किला परिसर में 2013-14 और 2017-18 में खुदाई की गई थी। इसके बाद 2022-23 में उत्खनन हुआ और इस साल चौथे चरण की खुदाई का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि यहां दो अलग-अलग स्थलों पर हुई खुदाई में मौर्य-पूर्व काल, 12वीं शताब्दी ईसा पूर्व की चित्रित धूसर मृदभांड संस्कृति, महाजनपद काल, मौर्य काल, शुंग काल, कुषाण काल, गुप्तोत्तर काल, राजपूत काल, सल्तनत काल और मुगल काल से जुड़े अवशेष मिले हैं। वसंत स्वर्णकार ने कहा, 'इस तरह हमें यहां इन सभी सांस्कृतिक कालखंडों की परतें मिलती हैं। यह ऐसा स्थल है जहां पिछले करीब 3,000 वर्षों से लगातार आबादी रही है।' प्रदर्शनी में चित्रित धूसर मृदभांड संस्कृति से जुड़े थाल, कटोरे और लोटे भी रखे जाएंगे।
वसंत स्वर्णकार ने कहा कि ये वस्तुएं उस दौर की संस्कृति, खानपान और बर्तनों के इस्तेमाल की जानकारी देती हैं। इसके अलावा मौर्यकालीन टेराकोटा की मूर्तियां, सांचों से बनी आकृतियां, हस्तनिर्मित प्रतिमाएं, मनके, मनके बनाने में इस्तेमाल होने वाले उपकरण, अर्ध-कीमती पत्थरों के टुकड़े और सिक्के भी प्रदर्शित किए जाएंगे। उनके अनुसार, ये वस्तुएं उस दौर की समृद्धि को दर्शाती हैं। प्रदर्शनी में आभूषण के रूप में पहने जाने वाले सजावटी सामान भी रखे जाएंगे। स्वर्णकार ने बताया कि इसमें राजपूत काल की पत्थर से बनी वैकुंठ विष्णु की प्रतिमा, हाथियों द्वारा जलाभिषेक करती गजलक्ष्मी को दर्शाने वाली टेराकोटा की थाली और गणेश की एक छोटी मूर्ति भी शामिल है। उन्होंने कहा कि इन पुरावशेषों का महत्व इसलिए भी अधिक है क्योंकि ये सभी पुराना किला परिसर में हुई खुदाई के दौरान प्राप्त हुए हैं। दिल्ली पर्यटन विभाग की वेबसाइट पर उपलब्ध जानकारी के अनुसार, दिल्ली के प्राचीन नगरों में शामिल इंद्रप्रस्थ का पुराना किला लगभग आयताकार है और इसकी परिधि करीब दो किलोमीटर है। मुगल बादशाह हुमायूं ने अपनी नयी राजधानी दीनपनाह की नींव रखने के साथ किले के विशाल प्रवेश द्वार और दीवारों का निर्माण कराया था। उनके उत्तराधिकारी शेरशाह सूरी ने इस निर्माण कार्य को आगे बढ़ाया।
स्वर्णकार ने बताया कि सरबन गांव में मिले एक पुरावशेष को भी प्रदर्शनी में रखा जाएगा, जिस पर 'इंद्रप्रस्थ' का उल्लेख करने वाला अभिलेख अंकित है। उन्होंने कहा, ''हमें यज्ञ से जुड़े साक्ष्य भी मिले हैं। इनमें घोड़े की खोपड़ी, जला हुआ यज्ञ कुंड, बिखरी हुई हड्डियां और टेराकोटा की मूर्तियां शामिल हैं। प्रदर्शनी में घोड़े की खोपड़ी भी रखी जाएगी।'' स्वर्णकार ने बताया कि शुक्रवार शाम प्रधानमंत्री के दौरे के बाद प्रदर्शनी आम लोगों के लिए खोल दी जाएगी। इस मंच में चीन, पाकिस्तान, कजाखस्तान, ईरान, ताजिकिस्तान और उज्बेकिस्तान समेत कई देशों ने अपनी भागीदारी की पुष्टि की है। केंद्रीय संस्कृति मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने पिछले सप्ताह संवाददाताओं से कहा था कि भारत का लक्ष्य एससीओ को केवल भू-राजनीतिक और आर्थिक मंच तक सीमित न रखकर साझा सभ्यतागत विरासत और मानवीय मूल्यों के संवाद का मंच बनाना है। पीएमओ के अनुसार, प्रदर्शनी के अलावा 'महाभारत स्क्रॉल पवेलियन- अनंत : 18वीं सदी की दुर्लभ महाभारत पांडुलिपि' भी आकर्षण का केंद्र होगा। इसमें भारत की समृद्ध महाकाव्य और कलात्मक परंपराओं को दर्शाती चित्रित महाभारत पांडुलिपि प्रदर्शित की जाएगी।