

कोलकाता : वरिष्ठ भाजपा नेता व पूर्व प्रदेश अध्यक्ष दिलीप घोष शुक्रवार की शाम एक निजी और अनौपचारिक समारोह में विवाह बंधन में बंध गये। भाजपा की महिला मोर्चा से जुड़ी रिंकू मजूमदार के साथ उन्होंने शाम 5:30 बजे न्यूटाउन स्थित अपने आवास में सात फेरे लिये। पूरी तरह सादे ढंग से विवाह समारोह आयोजित किया गया जिसमें 60 वर्षीय दिलीप घोष की मां, परिवार के सदस्य और उनकी दुल्हन रिंकू मजूमदार का परिवार भी मौजूद था। विवाह संपन्न होने के बाद पत्रकारों को संबोधित करते हुए दिलीप घोष ने कहा, ‘आगे भी मैं अपना काम जारी रखूंगा। पारिवारिक जीवन की जिम्मेदारी निभाऊंगा। इसके साथ ही पार्टी जब जो जिम्मेदारी देगी, उसे भी पूरी तरह पूरा करूंगा।’
कई भाजपा नेता पहुंचे मिलने
इधर, शादी की खबर आने के बाद से ही दिलीप घोष को शुभकामनाएं देने वालों का तांता उनके आवास में लग गया। प्रदेश भाजपा के नेता उन्हें बधाई देने के लिए उनके घर गए। इनमें प्रदेश अध्यक्ष सुकांत मजूमदार से लेकर मंगल पाण्डेय, सुनील बंसल, सतीश धोंड, महासचिव लॉकेट चटर्जी, ज्योतिर्मय सिंह महतो, राज्यसभा सांसद शमिक भट्टाचार्य भी शामिल हैं। सुकांत दिलीप घोष के लिए फूलों का गुलदस्ता, मिठाई का डिब्बा और धोती व पंजाबी लेकर गये थे। अन्य भाजपा नेता भी फूल और मिठाइयां लेकर आए। कुछ लोगों के हाथों में अन्य उपहार भी थे। दिलीप ने प्रत्येक को एक उपहार दिया। उन्होंने लॉकेट को एक साड़ी दी। बाकी लोगों में से कुछ को पजामा और पंजाबी के सेट दिए गए। हालांकि विपक्ष के नेता शुभेंदु अधिकारी इस विवाह समारोह से दूर ही रहे।
आज मनाया जाएगा जन्मदिन
आज यानी 19 अप्रैल को दिलीप का जन्मदिन है। ऐसे में यह तय किया गया है कि दिलीप का जन्मदिन शनिवार की सुबह मनाया जाएगा, जब वह मॉर्निंग वॉक पर जाएंगे। दिलीप के साथ रोजाना सुबह की सैर पर जाने वाले लोगों ने ही उनका जन्मदिन मनाने की पहल की है।
प्रियरंजन दा ने भी काफी उम्र में की थी शादी
शुक्रवार को दिलीप घोष के घर से निकलते हुए सुकांत मजूमदार ने कहा, ‘मुझे नहीं लगता कि दिलीप दा की शादी में कुछ भी असामान्य है। आपने पहले भी कई राजनीतिक हस्तियों की शादियां देखी होंगी। प्रियंजन दासमुंशी की शादी देखी। इंद्रजीत गुप्ता की शादी देखी। इस शादी में कुछ भी असामान्य नहीं है। जो लोग राजनीति में हैं, जो लोग सामाजिक जीवन में हैं, वे अपना सामाजिक और राजनीतिक कार्य करने में इतने व्यस्त होते हैं कि शादी में देर कर देते हैं जैसा कि प्रियरंजन दा ने किया था। दिलीपदा और नवविवाहित जोड़े का आगे का जीवन सुखमय हो।’
दिलीप के करीबी सूत्रों के अनुसार, पिछला लोकसभा चुनाव हारने के बाद जब दिलीप थोड़ा उदास थे, तो रिंकू ने ही सबसे पहले उनके सामने शादी का प्रस्ताव रखा था। रिंकू तलाकशुदा व गृहिणी होने के साथ ही एक बेटे की मां हैं। उनका बेटा सेक्टर 5 में आईटी क्षेत्र में काम करता है। शादी को लेकर कई तरह की चर्चाएं होने पर दिलीप घोष ने कहा कि उनकी मां के कहने पर वह शादी के लिए तैयार हुए।