

केडी पार्थ, सन्मार्ग संवाददाता
कोलकाता : पश्चिम बंगाल के खेल मंत्री निशीथ प्रमाणिक ने आई-लीग चैंपियन बनकर आईएसएल के लिए क्वालीफाई करने वाले डायमंड हार्बर एफसी की कार्यप्रणाली और वित्तीय स्रोतों पर गंभीर सवाल उठाए हैं। मंत्री ने कहा कि क्लब के खिलाफ कई शिकायतें मिली हैं, जिनमें फंडिंग, नियमों के पालन और जमीन के उपयोग से जुड़े आरोप शामिल हैं। राज्य सरकार ने पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है और जल्द ही उचित निर्णय लिया जाएगा। वे शुक्रवार को विवेकानंद युवा भारती क्रीड़ांगन (वीवाईबीके), साल्ट लेक स्टेडियम में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि 7 जून को विश्व साइकिल दिवस के उपलक्ष्य में ‘फिट इंडिया-संडेज ऑन साइकिल’ कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा, जिसमें 5,000 से अधिक लोगों के शामिल होने की संभावना है। इसका आयोजन भारतीय खेल प्राधिकरण (एसएआई), नेताजी सुभाष पूर्वी केंद्र और पश्चिम बंगाल सरकार के युवा सेवा एवं खेल विभाग के संयुक्त तत्वावधान में किया जा रहा है। इस मौके पर भारतीय खेल प्राधिकरण, नेताजी सुभाष पूर्वी केंद्र, कोलकाता के क्षेत्रीय निदेशक (प्रभारी) शिवानंद मिश्रा भी उपस्थित थे।
शिकायतों के आधार पर शुरू हुई जांच
मीडिया से बातचीत में निशीथ प्रमाणिक ने कहा कि डायमंड हार्बर एफसी के गठन और संचालन को लेकर अनेक शिकायतें दर्ज हुई हैं। जांच में यह देखा जाएगा कि क्लब का गठन निर्धारित नियमों के अनुसार हुआ था या नहीं। साथ ही यह भी जांच का विषय होगा कि क्लब को मिलने वाली आर्थिक सहायता कहां से आ रही है और उसका उपयोग किस प्रकार किया जा रहा है। जरूरत पड़ने पर क्लब के प्रायोजकों को भी पूछताछ के लिए बुलाया जा सकता है। उन्होंने दावा किया कि राज्य सरकार बंगाल के खेल जगत को भ्रष्टाचार, भाई-भतीजावाद और राजनीतिक दबाव से मुक्त कर प्रतिभाशाली खिलाड़ियों के लिए बेहतर माहौल तैयार करना चाहती है।