धुरंधर बनी सबसे अधिक कमाऊ हिंदी फिल्म

'धुरंधर' ने मंगलवार तक कुल 831.40 करोड़ की कमाई कर ली है। पुष्पा 2 हिंदी ने 831 करोड़ की कमाई की थी।
धुरंधर बनी सबसे अधिक कमाऊ हिंदी फिल्म
Published on

कोलकाताः एक महीने से बॉक्स ऑफिस पर राज कर रही निर्माता-निर्देशक आदित्य धर की फिल्म 'धुरंधर' ने अब एक नया इतिहास रच दिया है। 'धुरंधर' सबसे अधिक कमाई करने वाली हिंदी फिल्म बन गई है। उसने पुष्पा2 को पछाड़ कर यह उपलब्धि हासिल की है। पुष्पा2 तेलुगु से हिंदी में डब फिल्म थी। 'धुरंधर' ने हिंदी में बनी शाहरुख खान की जवान को पछाड़ पहले ही सबसे अधिक कमाई करने वाली हिंदी फिल्म बन गई थी।

पिछले साल की सबसे अधिक चर्चित बल्कि पिछले एक दशक में सबसे अधिक चर्चित फिल्म 'धुरंधर' ने मंगलवार तक कुल 831.40 करोड़ की कमाई कर ली है। पुष्पा 2 हिंदी ने 830 करोड़ की कमाई की थी।

'धुरंधर' पांचवें सप्ताह में चल रही है और अब भी यह रोजाना करोड़ों में कमाई कर रही है। भारत में फिल्म ने पहले हफ्ते में 218 करोड़ रुपये, दूसरे हफ्ते में 261.5 करोड़ रुपये, तीसरे हफ्ते में 189.3 करोड़ रुपये और चौथे हफ्ते में 115.7 करोड़ रुपये कमाए। पांचवें हफ्ते में अब तक करीब 44 करोड़ कमा लिये। मंगलवार को उसने पांच करोड़ 70 लाख कमाये जो सबसे न्यूनतम है।

धुरंधर भारतीय सिनेमा के इतिहास में एक मील का पत्थर

फिल्म निर्माताओं ने एक बयान में कहा, " फिर इतिहास रचा गया है। मंगलवार के हुए कारोबार के साथ, 'धुरंधर' आधिकारिक तौर पर अब तक की सबसे अधिक कमाई करने वाली हिंदी फिल्म बन गई है। यह एक अभूतपूर्व उपलब्धि है जिसने भारतीय बॉक्स ऑफिस की सफलता को फिर से परिभाषित किया है।" इससे पहले शीर्ष स्थान पर अल्लू अर्जुन की 2023 की फिल्म 'पुष्पा 2: द रूल' का हिंदी संस्करण था, जिसने हिंदी में 830 करोड़ रुपये की कमाई की थी।अन्य शीर्ष कमाई करने वाली हिंदी फिल्मों में शाहरुख खान की 'जवान' (643 करोड़ रुपये) और हॉरर-कॉमेडी 'स्त्री 2' (627 करोड़ रुपये) शामिल हैं।

फिल्म 'धुरंधर' एक रोमांचक जासूसी फिल्म है जिसका निर्देशन और लेखन आदित्य धर ने किया है। फिल्म में रणवीर सिंह मुख्य भूमिका में हैं और यह फिल्म कंधार विमान अपहरण, 2001 संसद हमला और 26/11 मुंबई हमलों जैसी भू-राजनीतिक और आतंकी घटनाओं की पृष्ठभूमि पर आधारित खुफिया अभियानों की कहानी है। इस फिल्म का निर्माण आदित्य धर और लोकेश धर ने ज्योति देशपांडे के 'जियो स्टूडियोज' के सहयोग से 'बी62 स्टूडियोज' के बैनर तले किया है। इस फिल्म में रणवीर सिंह के साथ-साथ संजय दत्त, अक्षय खन्ना, अर्जुन रामपाल, आर. माधवन, सारा अर्जुन और राकेश बेदी जैसे दिग्गज कलाकारों ने मुख्य भूमिकाएं निभाई हैं।

इसी बीच, बॉलीवुड स्टूडियो यश राज फिल्म्स ने 'धुरंधर' की टीम को इस उपलब्धि पर बधाई दी। प्रोडक्शन बैनर ने एक संदेश में कहा, "धुरंधर सिर्फ एक फिल्म नहीं है... यह भारतीय सिनेमा के इतिहास में एक मील का पत्थर है जिसे हमेशा याद रखा जाएगा।"

सिंहासन पर नया बादशाह आ गया है-'धुरंधर'

फिल्म क्रिटिक और बॉक्स ऑफिस पर नजर रखने वाले तरण आदर्श ने 'धुरंधर' की सफलता को ऐतिहासिक कहा है। वह एक्स पर लिखते हैं, 'धुरंधर': नया बादशाह आ गया है, 'पुष्पा 2' को पछाड़ दिया। यह हिंदी फिल्म बिजनेस के इतिहास का सबसे बड़ा पल है। कुछ समय पहले तक हिंदी मार्केट में सबसे ज्यादा कमाई करने वाली फिल्म पुष्पा 2 के लाइफटाइम बिजनेस को पार करना नामुमकिन लग रहा था। लेकिन रिकॉर्ड बनते ही तोड़ने के लिए हैं, और 'धुरंधर' ने ठीक वैसा ही किया है। 'धुरंधर' ने आखिरकार पुष्पा 2 हिंदी के लाइफटाइम बिजनेस को पीछे छोड़ दिया है, और अपने पांचवें मंगलवार (दिन 33) को अब तक की सबसे ज्यादा कमाई करने वाली हिंदी फिल्म बन गई है। सिंहासन पर नया बादशाह आ गया है-'धुरंधर'।

अमेरिका रिजन में दूसरी सफल भारतीय फिल्म 'धुरंधर'

'धुरंधर' ने भारत समेत विश्व भर में 1222 करोड़ की कमाई की है जो पांचवीं सबसे अधिक कमाई करने वाली भारतीय फिल्म है। यह तब है जब पाकिस्तान के कहने पर यूनाइटेड अरब अमिरात, सऊदी अरब, कतर समेत छह खाड़ी देशों ने 'धुरंधर' के प्रदर्शन को प्रतिबंधित कर दिया है। लेकिन अमेरिका रिजन में 'धुरंधर' की कमाई अच्छी रही है।

विदेशों में कलेक्शन 31.5 मिलियन डॉलर तक पहुंचने के साथ धुरंधर ने अमेरिका और कनाडा में एक ऐतिहासिक प्रदर्शन किया है। यह फिल्म इन इलाकों में 20 मिलियन डॉलर का आंकड़ा पार करने वाली सिर्फ दूसरी भारतीय रिलीज बन गई है। इसने RRR, जवान और कल्कि 2898 AD जैसी फिल्मों को पीछे छोड़ दिया है, और अब यह बाहुबली 2 द्वारा बनाए गए नॉर्थ अमेरिकन रिकॉर्ड के करीब पहुंच रही है।

बहरहाल 'धुरंधर' का दूसरा पार्ट इसी साल मार्च में आने वाला है। चूंकि धुरंधर ने जो हलचल पैदा की है, उससे लगता है कि धुरंधर 2 सबसे अधिक कमाई करने का नया रिकॉर्ड बना सकती है क्योंकि यह हिंदी के साथ ही सभी दक्षिण भारतीय भाषाओं में रिलीज होगी।

धुरंधर बनी सबसे अधिक कमाऊ हिंदी फिल्म
ICC का इनकार, पर बांग्लादेश को आशा

संबंधित समाचार

No stories found.

कोलकाता सिटी

No stories found.

खेल

No stories found.
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in