

सन्मार्ग संवाददाता
सिलीगुड़ी : षष्टी की शाम रोशनी से सराबोर थी, सड़कों पर पंडालों की ओर उमड़ते भक्तों की भीड़ थी। लेकिन इसी उत्सव के बीच सिलीगुड़ी टाउन स्टेशन पर बैठे करीब 200 ढाकी उदासी में डूबे हुए थे। दिनभर इंतजार करने के बावजूद उन्हें किसी पूजा कमेटी से ढाक बजाने का एक भी बायना यानी बुकिंग नहीं मिला।
उम्मीदें लेकर आए, मायूस होकर लौटे
हर साल की तरह इस बार भी ढाकी पश्चिम बंगाल के मालदह, बालुरघाट, हल्दीबाड़ी और यहां तक कि नेपाल से भी सिलीगुड़ी पहुंचे थे। इनका उद्देश्य पहाड़ी इलाकों सहित शहर की बड़ी दुर्गापूजाओं से बायना मिलना था। विश्वकर्मा पूजा के बाद करीब 1500 ढाकी पहुंचे थे, लेकिन षष्टी तक बायना नहीं मिलने के कारण 200 से अधिक ढाकियों को खाली हाथ घर लौटना पड़ा।
डिजे और यूट्यूब ने छीना परंपरा का संगीत
ढाकियों ने बताया कि अब कई पूजा आयोजक पारंपरिक ढाक की जगह डिजे साउंड सिस्टम या यूट्यूब से बजने वाले ढाक के बोल पर निर्भर हो गए हैं। इससे न केवल परंपरा को नुकसान हो रहा है, बल्कि ढाकियों की आजीविका भी खतरे में पड़ गई है। मालदह से आए बिभूति रविदास, जो करीब 70 वर्ष के हैं और 50 सालों से सिलीगुड़ी आ रहे हैं, उनका कहना है कि चार ढाकियों की एक टीम का खर्च लगभग 4000 रुपये आता है, जबकि उतने में साउंड सिस्टम समेत डिजे मिल जाता है। अब तो लोग यूट्यूब से ही ढाक बजा लेते हैं।
ढाक के बिना अधूरी है पूजा - पुरोहित की पीड़ा
दुर्गा पूजा में पुरोहिती करने वाले अमल गांगोपाध्याय का कहना है कि मां दुर्गा के स्वागत से लेकर पूजा के विशेष अनुष्ठानों में ढाक का बजना जरूरी होता है। इसके बिना पूजा अधूरी है।
सुविधाओं का अभाव और बदतर हालात
कुछ वर्षों पहले तक टाउन स्टेशन पर ढाकियों के लिए पंखा, लाइट और शौचालय जैसी बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध थीं लेकिन अब जंगल साफ करवाकर सोने के लिए जगह बनानी पड़ रही है और शौचालय का भी अतिरिक्त भुगतान करना पड़ता है। राजीव रविदास, जो पिछले साल नेपाल में दुर्गापूजा में ढाक बजा चुके हैं, इस बार तीन दिन इंतजार के बाद भी बायना न मिलने पर 1000 रुपये खर्च कर लौट गए l ढाकियों का कहना है कि बड़ी पूजा कमेटियां अब बाहरी राज्यों से बैंड बुला रही हैं। कुछ तो महाराष्ट्र से भी और आम लोग सिर्फ डिजे पर नाचने में खुश हैं।
क्या कहना है पूजा कमिटियों का
नबांकुर संघ के अध्यक्ष श्यामल भवल ने कहा कि इस बार 2 ढाकियों को बुलाया गया है, क्योंकि खर्च वहन करना मुश्किल हो जाता हैl वहीं, मानसरोवर क्लब के सह सचिव सुमन दास का कहना है कि यूट्यूब से ढाक की आवाज़ के गाने से काम चल जा रहा है, लेकिन परंपरा के खातिर इस बार 6 की जगह 3 ढाकियों को ही बुलाया गया है, क्योंकि खर्च काफी लगता हैl