दिल्ली में सिलेंडर ब्लास्ट से मची तबाही, धमाके के बाद ढही पूरी इमारत

मुकुंदपुर में LPG सिलेंडर फटने से बड़ा हादसा, 6 घायल; मलबे में फंसे लोगों की तलाश जारी
दिल्ली में सिलेंडर ब्लास्ट से मची तबाही, धमाके के बाद ढही पूरी इमारत
Published on

नई दिल्ली : राजधानी दिल्ली के मुकुंदपुर इलाके में मंगलवार सुबह एलपीजी सिलेंडर विस्फोट के बाद एक बड़ा हादसा हो गया। धमाका इतना जोरदार था कि एक मंजिला इमारत पूरी तरह ढह गई। हादसे में कई लोगों के मलबे में दबे होने की आशंका जताई जा रही है, जबकि अब तक छह लोगों के घायल होने की पुष्टि हुई है।

जानकारी के अनुसार, सुबह करीब 9:30 बजे दिल्ली फायर सर्विस को हादसे की सूचना मिली। सूचना मिलते ही दमकल विभाग की कई गाड़ियां और राहत-बचाव दल मौके पर पहुंच गए। स्थानीय लोगों ने भी बचाव कार्य में मदद की और घायलों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया।

यह घटना मुकुंदपुर-2 स्थित ईशु विहार, गली नंबर-1 की है। अधिकारियों के अनुसार, सुबह करीब 10:10 बजे राहत दल घटनास्थल पर पहुंचा और जांच में पता चला कि एलपीजी सिलेंडर फटने के कारण लगभग 250 वर्ग गज में बना एक मंजिला मकान पूरी तरह धराशायी हो गया।

दमकल विभाग और पुलिस की टीम मलबा हटाकर फंसे लोगों की तलाश में जुटी हुई है। फिलहाल किसी के मौत की पुष्टि नहीं हुई है, लेकिन प्रशासन ने आशंका जताई है कि मलबे के नीचे कुछ लोग अब भी फंसे हो सकते हैं।

दिल्ली पुलिस के अनुसार, हादसे में छह लोग घायल हुए हैं। उनकी हालत के बारे में फिलहाल विस्तृत जानकारी नहीं दी गई है। पुलिस का कहना है कि मेडिकल जांच और डॉक्टरों की रिपोर्ट के बाद ही घायलों की स्थिति स्पष्ट हो पाएगी।

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि जिस इमारत में विस्फोट हुआ, उसका इस्तेमाल बर्तन पॉलिश करने के कार्य के लिए किया जाता था। पुलिस और संबंधित एजेंसियां यह भी जांच कर रही हैं कि सिलेंडर विस्फोट किन परिस्थितियों में हुआ और क्या सुरक्षा मानकों का पालन किया जा रहा था।

घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी का माहौल है। प्रशासन ने आसपास के लोगों से सतर्क रहने और बचाव अभियान में सहयोग करने की अपील की है। राहत एवं बचाव कार्य जारी है और अधिकारियों की नजर स्थिति पर बनी हुई है।

Google पर संवाद सर्च बनाएं →
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in