केडी पार्थ, सन्मार्ग संवाददाता
कोलकाता : तृणमूल कांग्रेस (TMC) के भीतर जारी राजनीतिक उथल-पुथल और बागी सांसदों की चर्चाओं के बीच घटाल के सांसद देव (दीपक अधिकारी) ने मंगलवार को स्पष्ट कहा कि वह किसी “नई तृणमूल” का हिस्सा नहीं हैं और उनकी निष्ठा जीवनभर ममता बनर्जी के प्रति बनी रहेगी। पूर्व मेदिनीपुर के कोलाघाट में मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी की प्रशासनिक बैठक में शामिल होने के बाद देव ने कहा कि उनका उद्देश्य केवल घटाल के लोगों के हितों और विकास संबंधी मांगों को आगे बढ़ाना है।
नई तृणमूल में नहीं जा रहा
बैठक के बाद पत्रकारों से बातचीत में देव ने कहा, “मेरा प्यार जिंदगी भर ममता बनर्जी के लिए रहेगा। मैं नई तृणमूल में नहीं जा रहा। जब तक ममता बनर्जी जीवित हैं, मैं उनके साथ हूं।” हालांकि उन्होंने अपने राजनीतिक भविष्य को लेकर कोई स्पष्ट संकेत नहीं दिया और कहा कि आगे क्या होगा, इस बारे में अभी कुछ निश्चित नहीं कहा जा सकता।
जनता के हित में बैठकों में हुए शामिल
दिल्ली में केंद्रीय मंत्री भूपेंद्र यादव के आवास पर हुई बैठक और मुख्यमंत्री की प्रशासनिक बैठक में भागीदारी को लेकर उठे सवालों पर देव ने कहा कि वह जहां भी जाते हैं, वहां घटाल के लोगों के अधिकार और विकास की मांग उठाने के लिए जाते हैं। उन्होंने कहा कि मतदाताओं का भरोसा बनाए रखना उनकी प्राथमिक जिम्मेदारी है।
घटाल मास्टर प्लान पर दिखी सहमति
देव ने बताया कि प्रशासनिक बैठक में घटाल मास्टर प्लान पर विस्तार से चर्चा हुई। उन्होंने विश्वास जताया कि ममता बनर्जी के सपनों की इस परियोजना को मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी सफलतापूर्वक पूरा करेंगे। देव ने याद दिलाया कि इस परियोजना के लिए पहले 500 करोड़ रुपये की स्वीकृति भी दी गई थी।
विकास राजनीति से ऊपर
देव ने कहा कि राजनीतिक मतभेद अपनी जगह हैं, लेकिन शुभेंदु अधिकारी राज्य के लोकतांत्रिक तरीके से चुने गए मुख्यमंत्री हैं और इस तथ्य को सभी को स्वीकार करना चाहिए। वहीं मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने भी कहा कि घटाल मास्टर प्लान सरकार की प्राथमिकता है और विकास कार्यों का श्रेय किसे मिलता है, यह महत्वपूर्ण नहीं, बल्कि जनता का हित सर्वोपरि है।