

अरीकोड, पुलपट्टा और एडवन्ना में संक्रमण की पुष्टि के बाद निगरानी तेज, प्रभावित क्षेत्रों में सामूहिक भोज पर प्रतिबंध
मलप्पुरम (केरल) : केरल के उत्तरी जिले मलप्पुरम में शिगेला संक्रमण के बढ़ते मामलों ने स्वास्थ्य विभाग की चिंता बढ़ा दी है। जिले के तीन इलाकों अरीकोड, पुलपट्टा और एडवन्ना में संक्रमण की पुष्टि होने के बाद स्वास्थ्य विभाग ने निगरानी और बचाव अभियान तेज कर दिया है। लोगों को संक्रमण से बचने के लिए विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।
जिला चिकित्सा अधिकारी (डीएमओ) डॉ. वी. विनोद ने बयान जारी कर बताया कि इस साल जिले में शिगेला संक्रमण के अब तक 75 मामले सामने आ चुके हैं। इनमें संक्रमित व्यक्तियों के संपर्क में आने से संक्रमण की चपेट में आए आठ लोग भी शामिल हैं।
हाल में तीन इलाकों से नए मामले सामने आने के बाद जिला स्तरीय त्वरित कार्य बल (आरआरटी) ने आपातकालीन बैठक की। बैठक में संक्रमण की स्थिति की समीक्षा की गई और इसके प्रसार को रोकने के लिए आवश्यक कदम उठाने पर चर्चा हुई।
शिगेला एक जीवाणु संक्रमण है, जो मुख्य रूप से आंतों को प्रभावित करता है और दस्त संबंधी बीमारी का कारण बनता है। इसका खतरा खासकर बच्चों में अधिक रहता है। दूषित पानी, बासी या अधपका भोजन खाने के अलावा संक्रमित व्यक्ति के मल के सीधे या अप्रत्यक्ष संपर्क में आने से भी यह संक्रमण फैल सकता है।
स्वास्थ्य विभाग के अनुसार, संक्रमण के एक से दो दिनों के भीतर इसके लक्षण दिखाई देने लगते हैं। इनमें प्रमुख रूप से:
बार-बार दस्त होना।
मल में खून या मवाद आना।
पेट में तेज दर्द और ऐंठन।
बुखार और उल्टी।
शरीर में पानी की कमी होना।
डीएमओ ने चेताया कि जिन संक्रमित बच्चों में बीमारी के लक्षण दिखाई नहीं देते, वे भी मल के जरिए संक्रमण फैला सकते हैं। समय पर उपचार नहीं मिलने पर गंभीर जटिलताएं पैदा हो सकती हैं, जिनका असर मस्तिष्क और गुर्दों पर पड़ सकता है। गंभीर स्थिति में मरीज की जान भी जा सकती है।
संक्रमण पर नियंत्रण के लिए स्वास्थ्य विभाग, स्थानीय स्वशासन विभाग और खाद्य सुरक्षा विभाग संयुक्त रूप से अभियान चलाएंगे। इसके तहत खाद्य पदार्थों के निर्माण, भंडारण और वितरण केंद्रों का निरीक्षण किया जाएगा। सुरक्षा नियमों का उल्लंघन करने वाले प्रतिष्ठानों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
इसके अलावा एहतियाती कदम के तौर पर प्रभावित इलाकों में सामूहिक भोज के आयोजन पर भी प्रतिबंध लगा दिया गया है।
स्वास्थ्य विभाग ने लोगों से साफ-सफाई और खानपान को लेकर विशेष सतर्कता बरतने की अपील की है। विभाग की ओर से जारी प्रमुख दिशा-निर्देश इस प्रकार हैं:
पीने और खाना पकाने के लिए केवल उबालकर ठंडा किया हुआ पानी इस्तेमाल करें।
हमेशा ताजा, साफ और अच्छी तरह पका हुआ भोजन ही खाएं।
बासी, खुले में रखे और बाहर के खाने से परहेज करें।
पीने के पानी के स्रोतों में नियमित रूप से क्लोरीन डालना सुनिश्चित करें।
फल और सब्जियों को अच्छी तरह धोकर इस्तेमाल करें।
भोजन को ढककर रखें, ताकि मक्खियों और अन्य कीड़ों से दूषित न हो।
खाना खाने और बनाने से पहले तथा शौचालय के इस्तेमाल के बाद साबुन से हाथ जरूर धोएं।
स्वास्थ्य विभाग ने सलाह दी है कि दस्त होने पर शरीर में पानी की कमी न होने दें। मरीज को तुरंत ओआरएस का घोल, नमक मिला चावल का माड़ या नारियल पानी दिया जा सकता है। बीमारी के लक्षण दिखाई देने पर घरेलू उपचार या खुद से दवा लेने के बजाय तुरंत डॉक्टर से संपर्क करना चाहिए।
स्वास्थ्य विभाग ने लोगों से व्यक्तिगत स्वच्छता के साथ-साथ आसपास के वातावरण को भी साफ रखने की अपील की है, ताकि शिगेला संक्रमण के प्रसार पर समय रहते रोक लगाई जा सके।