उत्तर और मध्य अंडमान के उपायुक्त ने हरिनगर और पिनाकीनगर का किया दौरा

उत्तर और मध्य अंडमान के उपायुक्त ने हरिनगर और पिनाकीनगर का किया दौरा
Published on

सन्मार्ग संवाददाता

श्री विजयपुरम : उत्तर और मध्य अंडमान के उपायुक्त प्रशांत पंडा ने ग्राम पंचायत हरिनगर के अंतर्गत विभिन्न विकास स्थलों का विस्तृत दौरा किया। इस दौरे में उनके साथ हरिनगर ग्राम पंचायत के प्रधान मनोजीत हाल्दर, शंकर मंडल सहित अन्य पंचायती राज प्रतिनिधि और राजस्व विभाग के अधिकारी मौजूद रहे। हरिनगर के विभिन्न स्थानों का दौरा करते हुए उपायुक्त ने कई महत्वपूर्ण विकास बिन्दुओं का संज्ञान लिया। प्रधान ने उपायुक्त से अनुरोध किया कि आम जनता को स्थानीय जरूरतों के लिए क्वैरी मलबा एकत्र करने हेतु परमिट जारी करने की सुविधा प्रदान की जाए। इसके अतिरिक्त, हरिनगर-5 में प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के क्लस्टर साइट का निरीक्षण किया गया। प्रधान और ग्रामीणों ने बताया कि बिजली, पानी के नल कनेक्शन और उचित ग्रामीण कनेक्टिविटी के अभाव में लाभार्थी अपने नए बने प्रधानमंत्री आवास योजना घरों में स्थानांतरित नहीं हो पा रहे हैं। उन्होंने उपायुक्त से इन आवश्यक सुविधाओं को जल्द से जल्द उपलब्ध कराने का आग्रह किया। टीम ने उन चिह्नित स्थानों का भी निरीक्षण किया जिनके लिए बहुउद्देशीय भवन, बाज़ार और डाकघर के निर्माण हेतु भूमि अलग करने के प्रस्ताव अनुमोदन के लिए प्रस्तुत किए जा चुके हैं। इसके बाद उपायुक्त ने हरिनगर स्थित पंचायती भवन का दौरा किया। यहां उप-प्रधान ममता विश्वास ने गुलदस्ता भेंट कर उनका स्वागत किया, और मनोजित हाल्दर ने उन्हें शॉल भेंट कर सम्मानित किया। ग्राम पंचायत हरिनगर के विभिन्न विकासात्मक और प्रशासनिक चिंताओं पर विस्तृत चर्चा हुई। उपायुक्त ने पंचायती राज प्रतिनिधियों को आश्वासन दिया कि सभी लंबित मुद्दों को शीघ्रता से हल करने के लिए हर संभव कदम उठाए जाएंगे।

दिन भर के दौरे के दूसरे चरण में, टीम ने पिनाकीनगर और कमलापुर का रुख किया। पिनाकीनगर-2 में ठोस कचरा पृथक्करण केंद्र के लिए भूमि अलग करने के प्रस्ताव पर चर्चा की गयी और उपायुक्त ने साइट की व्यवहार्यता की समीक्षा की। पिनाकीनगर से यात्रा करते समय, टीम ने कमलापुर गांव की सड़क का भी निरीक्षण किया जो सरकारी नाले के समीप धंस गई थी। उपायुक्त ने प्रधान को आश्वासन दिया कि सड़क की मरम्मत जल्द से जल्द किसी उपयुक्त एजेंसी के माध्यम से कराने के प्रयास किए जाएंगे। अंत में कमलापुर में प्रस्तावित बहुउद्देशीय भवन के स्थल का निरीक्षण किया गया। इस दौरान उपायुक्त ने कमलापुर के आंगनबाड़ी केंद्र का भी दौरा किया, जहां उन्होंने आंगनवाड़ी कार्यकर्ता और बच्चों के साथ बातचीत की। उपायुक्त ने क्षेत्र की विकासात्मक चुनौतियों को शीघ्रता और प्रभावी ढंग से दूर करने की अपनी प्रतिबद्धता दोहराते हुए इस महत्वपूर्ण दौरे का समापन किया।

संबंधित समाचार

No stories found.

कोलकाता सिटी

No stories found.

खेल

No stories found.
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in