बंगाल की खाड़ी में बना डिप्रेशन, 6 जिलों में अलर्ट

बंगाल में शनिवार तक जारी रहेगी भारी बारिश
बंगाल की खाड़ी में बना डिप्रेशन, 6 जिलों में अलर्ट
Published on

पहाड़ों में भूस्खलन का बढ़ा खतरा

मुनमुन, सन्मार्ग संवाददाता

कोलकाता : बंगाल की खाड़ी में बने गहरे डिप्रेशन के कारण पश्चिम बंगाल में मौसम का मिजाज पूरी तरह बदल गया है। कोलकाता समेत दक्षिण बंगाल के जिलों में बुधवार सुबह से रुक-रुक कर बारिश का दौर जारी रहा, जिससे आम जनजीवन प्रभावित हुआ। अलीपुर मौसम विभाग के अनुसार, यह सिस्टम ओडिशा और आंध्र प्रदेश के तटों को पार करते हुए आगे बढ़ रहा है, जिसके प्रभाव से राज्य में शनिवार सुबह तक भारी से बहुत भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है। तटीय इलाकों में समुद्री गतिविधियां पूरी तरह थम गई हैं। कोंटाई में सबसे अधिक 95 मिमी, दीघा में 50 मिमी, सागर द्वीप में 58 मिमी और दमदम में 29 मिमी बारिश दर्ज की जा चुकी है। इसके अलावा, समुद्र में 55 से 65 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की आशंका के चलते मछुआरों को शुक्रवार तक समुद्र में नहीं जाने की सख्त सलाह दी गई है।

जिलों के लिए भारी बारिश का अलर्ट

दक्षिण बंगाल के दक्षिण 24 परगना, पूर्व मिदनापुर, पश्चिम मिदनापुर, झाड़ग्राम, पुरुलिया और बांकुड़ा में भारी बारिश का अनुमान है। इसके साथ ही इन 6 जिलों के अलावा आज हावड़ा में भी भारी बारिश की चेतावनी है। इनमें से 3 जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। वहीं, उत्तर बंगाल के दार्जिलिंग, कलिम्पोंग, जलपाईगुड़ी और अलीपुरदुआर जिलों में भी मूसलधार बारिश के साथ भूस्खलन की चेतावनी दी गई है, जिससे पहाड़ी इलाकों में विशेष सतर्कता बरती जा रही है। निचले इलाकों में जलभराव की समस्या से निपटने के लिए प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद है। आम जनता से अपील की गई है कि वे अनावश्यक रूप से घर से बाहर न निकलें और मौसम विभाग के ताजा दिशा-निर्देशों का पालन करें।

सन्मार्ग को Google पर पसंदीदा सोर्स बनाएं →
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in