

डाक विभाग ने 13 फरवरी 2026 को नई दिल्ली स्थित इंडियन हैबिटेट सेंटर में "भारत की कठपुतलियां" विषय पर आठ स्मारक डाक टिकटों का एक सेट जारी किया। विशिष्ट अतिथियों, कलाकारों और सांस्कृतिक जगत के सदस्यों की उपस्थिति में डाक सचिव सुश्री वंदिता कौल ने औपचारिक रूप से इन टिकटों का विमोचन किया।
इस अवसर पर डाक सचिव ने कहा “डाक टिकट हमारे राष्ट्र की विरासत के लघु दूत हैं। भारत की समृद्ध और विविध कठपुतली परंपराओं की विशेषता को दर्शाने वाले इस विशेष अंक के माध्यम से हम उन अमर कहानीकारों को सम्मानित करते हैं जिन्होंने पीढ़ियों से हमारी लोककथाओं, मूल्यों और सामूहिक स्मृति को संरक्षित रखा है। आशा है कि ये टिकट भारत की जीवंत सांस्कृतिक विरासत के प्रति लोगों को जागरूक करेंगे और आने वाली पीढ़ियों को इन जीवंत परंपराओं को संजोने तथा बनाए रखने के लिए प्रोत्साहित करेंगे।”