नोटबंदी और वोटबंदी एक ही सिक्के के दो पहलू : कांग्रेस

मध्यम वर्ग के पास अपनी बात मनवाने का सबसे बड़ा हथियार उनका वोट
New Delhi
जयराम रमेश
Published on: 

नयी दिल्ली : कांग्रेस ने गुरुवार को आरोप लगाया कि नोटबंदी और वोटबंदी एक ही सिक्के के दो पहलू हैं क्योंकि नोटबंदी के जरिये आम आदमी की कमाई और आजीविका पर चोट की गयी थी, जबकि अब वोटबंदी के जरिये उसके लोकतांत्रिक अधिकार और आवाज को निशाना बनाया जा रहा है।

पार्टी महासचिव जयराम रमेश ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में यह भी कहा कि सत्ता के अहंकार में पहले जनता की कमाई और आजीविका पर चोट की गयी थी और अब उसके वोट तथा आवाज पर चोट हो रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि वोट चोरी केवल चुनाव में गड़बड़ी का मामला नहीं है, बल्कि यह प्रधानमंत्री और गृहमंत्री की ‘जुगलबंदी’ के जरिये जनता के अधिकार, उसकी आवाज और सरकार को जवाबदेह बनाने की ताकत पर बड़ा हमला है। रमेश ने कहा कि लोकतंत्र में गरीबों, मजदूरों, किसानों, वंचितों, सामाजिक रूप से पिछड़े वर्गों, युवाओं और मध्यम वर्ग के पास अपनी बात मनवाने का सबसे बड़ा हथियार उनका वोट है। इसी के जरिये जनता सरकारों को अपनी नीतियों और उनके परिणामों के लिए जवाबदेह बनाती है। रमेश ने मनरेगा की जगह नयी व्यवस्था लाने, कॉरपोरेट चंदे और नीतिगत प्राथमिकताओं का उल्लेख करते हुए आरोप लगाया कि इनसे आम नागरिकों, ग्रामीण मजदूरों और युवाओं के अधिकार प्रभावित हुए हैं।


सन्मार्ग को Google पर पसंदीदा सोर्स बनाएं →
Follow Sanmarg on Google News