

सन्मार्ग संवाददाता
श्री विजयपुरम : मध्य अंडमान के ग्राम पंचायत बकुलतला ने दुर्गा पूजा से पहले राष्ट्रीय राजमार्ग-4 की जर्जर हालत को लेकर चिंता जताई है। पंचायत की प्रधान ने राष्ट्रीय राजमार्ग एवं अवसंरचना विकास निगम लिमिटेड (एनएचआईडीसीएल) और परियोजना ठेकेदार आरकेईसी को पत्र लिखकर बकुलतला जंक्शन से रंगत पानीटंकी तक के मार्ग की तत्काल मरम्मत की मांग की है।
पत्र में कहा गया है कि राष्ट्रीय राजमार्ग-4 की हालत बेहद खराब हो चुकी है। सड़क की सतह जगह-जगह से टूटी हुई है, गहरे गड्ढे और मलबा सड़क पर बिखरा पड़ा है, जिससे यह मार्ग अब वाहन योग्य नहीं रह गया है। बारिश के दौरान जलभराव की समस्या स्थिति को और अधिक गंभीर बना देती है। इसके कारण विशेष रूप से आपातकालीन सेवाओं और सार्वजनिक परिवहन के वाहनों को आवागमन में भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।
राजमार्ग की बदहाली पर पंचायत ने उठाई आवाज
प्रधान ने पत्र में उल्लेख किया कि रोजमर्रा के यातायात में लगातार दुर्घटनाएं और वाहनों के खराब होने की घटनाएं आम हो गई हैं। यह राजमार्ग न केवल यात्रियों के लिए, बल्कि व्यापार, शिक्षा, स्वास्थ्य और आपात सेवाओं के लिए भी एक महत्वपूर्ण जीवनरेखा है। उसकी बदहाल स्थिति से जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हो रहा है।
पंचायत ने ध्यान दिलाया कि आगामी 26 सितंबर से दुर्गा पूजा उत्सव शुरू हो रहा है, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं की आवाजाही होगी। ऐसे में सड़क की मरम्मत और बहाली को तुरंत प्राथमिकता दी जानी चाहिए, ताकि किसी अप्रिय घटना से बचा जा सके।
ग्राम पंचायत ने NHIDCL और ठेकेदार संस्था आरकेईसी से अपील की है कि वे समय पर मरम्मत कार्य शुरू करें और त्योहार से पहले सड़क को चालू अवस्था में लाया जाए, ताकि लोगों की सुरक्षा और सुविधा सुनिश्चित की जा सके।