

नयी दिल्ली : दिल्ली हाई कार्ट ने पेपर लीक से जुड़े मामलों की सुनवाई के लिए गठित विशेष फास्ट ट्रैक कोर्ट (त्वरित अदालत) की जज अनु ग्रोवर बालीगा सहित 137 जजों का तबादला कर दिया है। बालीगा ने 25 जुलाई को कार्यभार संभालने के बाद फास्ट ट्रैक कोर्ट में मुश्किल से एक सप्ताह ही पूरा किया था। नीट सहित पेपर लीक से जुड़े मामलों की सुनवाई पहले कर रहे विशेष जज अजय गुप्ता अब उनकी जगह लेंगे।
शनिवार को जारी हाई कार्ट के आदेश के अनुसार, जज बालीगा का तबादला राष्ट्रीय अन्वेषण अभिकरण (NIA) अधिनियम के तहत गठित स्पेशल कोर्ट में किया गया है, जहां वे आतंकवाद से जुड़े मामलों की सुनवाई करेंगी। आतंकवाद से जुड़े मामलों की सुनवाई करने वाले NIA के अन्य नये स्पेशल जजों में विकास ढुल, प्रशांत शर्मा, पुलस्त्य प्रमाचल, किरण बंसल और अमित बंसल शामिल हैं। हाई कार्ट ने सार्वजनिक परीक्षाओं में पेपर लीक और अन्य अनुचित साधनों के इस्तेमाल से जुड़े आपराधिक मामलों की सुनवाई के लिए 23 जुलाई को एक विशेष फास्ट ट्रैक कोर्ट अधिसूचित किया था। इसके बाद जज बालीगा की वहां नियुक्ति की गयी थी। गौरतलब है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पेपर लीक के मामलों का त्वरित निपटारा सुनिश्चित करने के लिए फास्ट ट्रैक कोर्ट गठित करने की घोषणा की थी। नीट पेपर लीक मामले की पहली सुनवाई 27 जुलाई को हुई थी, लेकिन बचाव पक्ष के वकील के अनुरोध पर कार्यवाही स्थगित कर दी गयी थी। इसके बाद जज ने मामले को सोमवार के लिए सूचीबद्ध किया, ताकि CBI के आरोपपत्र और दो अभियुक्तों की जमानत याचिकाओं पर विचार किया जा सके।