Delhi Chunav : नतीजों से पहले AAP की रणनीतिक बैठक

विधायकों को सतर्क रहने की सलाह
Delhi Chunav :  नतीजों से पहले AAP की रणनीतिक बैठक
Published on: 

नई दिल्ली - दिल्ली विधानसभा चुनाव 2025 के नतीजों से पहले आम आदमी पार्टी ने आज सभी 70 उम्मीदवारों की एक अहम बैठक बुलाई है। सूत्रों के मुताबिक, इस बैठक में नतीजे वाले दिन की तैयारियों पर चर्चा हो रही है, साथ ही विधायकों की खरीद-फरोख्त को लेकर उठ रहे आरोपों पर भी रणनीति बनाई जा रही है।

बैठक अरविंद केजरीवाल के आवास पर हुई

यह बैठक मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के आवास पर हो रही है, जहां पार्टी नेता और उम्मीदवार मौजूद हैं। आम आदमी पार्टी के एक वरिष्ठ नेता ने दावा किया कि पार्टी पूर्ण बहुमत से सरकार बनाने जा रही है। हालांकि, उन्होंने आरोप लगाया कि भारतीय जनता पार्टी माहौल खराब करने की कोशिश कर रही है और फर्जी एग्जिट पोल के जरिए उनके संभावित विधायकों को खरीदने की साजिश रच रही है।

आम आदमी पार्टी के एक सांसद ने कहा कि इस स्थिति में पार्टी नेतृत्व अपने संभावित विधायकों के साथ बैठक कर इस मुद्दे पर चर्चा करेगा और उन्हें भरोसा दिलाएगा कि सरकार उनकी ही बनने जा रही है। साथ ही, उन्हें यह हिदायत भी दी जाएगी कि अगर कोई विपक्षी दल उनसे संपर्क करने की कोशिश करे, तो उसकी रिकॉर्डिंग जरूर करें।

8 फरवरी को आ रहे हैं नतीजे

दिल्ली विधानसभा चुनाव के लिए मतदान 5 फरवरी को हुआ था, और नतीजे 8 फरवरी को घोषित किए जाएंगे। एग्जिट पोल के मुताबिक, इस बार दिल्ली में भाजपा की सरकार बनने के संकेत मिल रहे हैं। हालांकि, असली फैसला 8 फरवरी को ही होगा, जब मतगणना के बाद स्पष्ट हो पाएगा कि सत्ता किसके हाथ में जाएगी।

सन्मार्ग को Google पर पसंदीदा सोर्स बनाएं →
Follow Sanmarg on Google News