प्रगति, सन्मार्ग संवाददाता
कोलकाता : सोमवार को दिल्ली में हुए धमाके के बाद महानगर कोलकाता में सुरक्षा बढ़ा दी गयी है। शहर में हर जगह नाका चेकिंग की जा रही है। इसके साथ ही रेलवे और मेट्रो में हर गतिविधि पर सुरक्षा कर्मियों की पैनी नजर है। रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) द्वारा यात्रियों की सुरक्षा पर पूरा ध्यान दिया जा रहा है। ट्रेनों, प्लेटफॉर्मों, परिसंचरण क्षेत्रों, वेटिंग एरिया और पार्सल/लगेज सेक्शन में दिन-रात सावधानीपूर्वक जांच की जा रही है। इसके अलावा डॉग स्क्वॉड की सहायता से किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जांच की जा रही है। आरपीएफ अधिकारियों और कर्मचारियों की टीमें जीआरपी के साथ समन्वय बनाकर हावड़ा, बर्दवान, सियालदह, कोलकाता टर्मिनल, मालदह टाउन, आसनसोल, भागलपुर और अन्य प्रमुख स्टेशनों पर लगातार जांच अभियान चला रही हैं। यात्री क्षेत्रों और संवेदनशील क्षेत्रों पर विशेष जोर दिया जा रहा है।
दक्षिण पूर्व रेलवे भी है सतर्क
इस घटना के बाद पूर्व रेलवे के साथ ही दक्षिण पूर्व रेलवे के खड़गपुर डिविजन के तहत आने वाले सांतरागाछी व शालीमार स्टेशनों के इलाकों में भी काफ़ी कड़ी चेकिंग की जा रही है। शालीमार स्टेशन पर गत सोमवार की रात से ही आरपीएफ की टीम लगातार जांच में जुटी है, जिसका नेतृत्व एस.के. सिंह कर रहे हैं। इसके अलावा भी यात्रियों की सुरक्षा और किसी भी अप्रिय घटना की स्थिति को लेकर दक्षिण पूर्व रेलवे पूरी तरह अलर्ट मोड में है।
मेट्रो भी अर्ल्ट पर, चेकिंग जोरों पर
रेलवे के साथ कोलकाता मेट्रो भी घटना के बाद से पूरी तरह अलर्ट पर है। ब्लू लाइन के एमजी रोड, पार्क स्ट्रीट एवं एस्प्लेनेड मेट्रो स्टेशनों के अलावा ग्रीन लाइन में हावड़ा और सियालदह मेट्रो स्टेशन जैसे महत्वपूर्ण स्टेशनों में विशेष निगरानी रखी जा रही है। इन स्टेशनों में आने जाने वाले यात्रियों से लेकर सामान और वाहनों तक पर नजर रखी जा रही है। मेट्रो स्टेशन में रात से ही आरपीएफ के कर्मी तैनात नजर आए। यात्रियों को उनके सामान की जांच के बाद ही प्लेटफॉर्म पर जाने दिया जा रहा है।