छत्तीसगढ़ में खूनी खेल : भाजपा के पूर्व नेता को कार समेत जिंदा जलाया, इलाके में तनाव

रेत कारोबार के विवाद से भड़की हिंसा, पूर्व भाजपा नेता की कार में जिंदा जलाकर हत्या, गांव में दहशत और भारी पुलिस बल तैनात
आईजी और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची
कोरिया जिले के नौगई गांव की दिल दहला देने वाली वारदात; हमले में 3 अन्य लोग भी गंभीर रूप से झुलसे
Published on

कोरियाः छत्तीसगढ़ के कोरिया जिले से एक बेहद खौफनाक और दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहाँ सोनहत क्षेत्र के नौगई गांव में रेत कारोबार के विवाद ने इतना हिंसक रूप ले लिया कि बदमाशों ने भाजपा के एक पूर्व नेता की उनकी ही कार में जिंदा जलाकर बेरहमी से हत्या कर दी। इस रोंगटे खड़े कर देने वाले हत्याकांड के बाद पूरे इलाके में भारी तनाव का माहौल है, जिसे देखते हुए मौके पर भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।

घर के सामने खड़ी कार पर छिड़का पेट्रोल, अंदर ही मौजूद थे पूर्व उपाध्यक्ष

प्राप्त जानकारी के अनुसार, विवाद इस कदर बढ़ा कि हमलावरों ने पूर्व जनपद पंचायत उपाध्यक्ष (जो पूर्व भाजपा नेता भी थे) के घर के सामने खड़ी उनकी कार को निशाना बनाया। बदमाशों ने कार पर पेट्रोल छिड़ककर उसे आग के हवाले कर दिया। सबसे दर्दनाक बात यह रही कि घटना के वक्त पूर्व जनपद पंचायत उपाध्यक्ष कार के अंदर ही मौजूद थे। उन्हें संभलने या बाहर निकलने का मौका तक नहीं मिला। आग इतनी तेजी से फैली कि कार के अंदर ही पूर्व जनपद पंचायत उपाध्यक्ष का शव पूरी तरह जलकर राख हो गया। इस भीषण अग्निकांड में पूरी गाड़ी भी जलकर खाक हो चुकी है।

तीन अन्य लोग गंभीर रूप से झुलसे, अस्पताल में भर्ती

इस जानलेवा हमले में केवल कार में मौजूद नेता ही नहीं, बल्कि आस-पास मौजूद तीन अन्य लोग भी आग की चपेट में आ गए। तीनों लोग गंभीर रूप से झुलस गए हैं। वारदात के तुरंत बाद उन्हें मलबे से निकालकर अंबिकापुर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है, लेकिन स्थिति गंभीर बनी हुई है।

दूसरी गाड़ी में तोड़फोड़, मौके पर पहुंची फायर ब्रिगेड

घटना की भयावहता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि हमलावरों ने न सिर्फ कार को फूंका, बल्कि पास खड़ी एक अन्य गाड़ी में भी जमकर तोड़फोड़ की, जिसके निशान मौके पर मिले हैं। घटना की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी और पूर्व उपाध्यक्ष दम तोड़ चुके थे।

आईजी और फॉरेंसिक टीम ने संभाला मोर्चा

वारदात की गंभीरता को देखते हुए सरगुजा आईजी और फॉरेंसिक एक्सपर्ट्स की टीम तुरंत घटनास्थल पर पहुंची। टीम ने मौके से वैज्ञानिक साक्ष्य और सबूत जुटाए हैं। पुलिस इस मामले में रेत कारोबार से जुड़े स्थानीय गुटों और संदिग्धों की तलाश में लगातार छापेमारी कर रही है। इलाके में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए सोनहत क्षेत्र को छावनी में तब्दील कर दिया गया है।

आईजी और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची
स्वरूप विश्वास की मुश्किलें बढ़ीं : अब महिला ने लगाया 80 लाख की रंगदारी और उत्पीड़न का आरोप
Google पर संवाद सर्च बनाएं →
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in