

कोलकाता : कोलकाता नगर निगम के वार्ड नंबर 81 की पूर्व पार्षद जुई विश्वास के पति और स्थानीय प्रभावशाली नेता स्वरूप विश्वास के खिलाफ न्यू अलीपुर थाने में रंगदारी वसूली और महिला उत्पीड़न का गंभीर मामला दर्ज किया गया है। एक महिला की लिखित शिकायत और पुलिस की प्रारंभिक जांच के बाद यह कार्रवाई की गई है।
क्या है आरोप?
शिकायतकर्ता महिला के अनुसार, फरवरी 2025 में वह न्यू अलीपुर इलाके में एक स्ट्रीट फूड कार्ट शुरू करना चाहती थी। आवश्यक अनुमति और प्रशासनिक प्रक्रिया की जानकारी लेने के लिए उन्होंने वार्ड पार्षद जुई विश्वास से संपर्क किया। आरोप है कि पार्षद ने उन्हें बताया कि इस तरह के मामलों को उनके पति स्वरूप विश्वास देखते हैं और उनसे मिलने की सलाह दी। महिला का आरोप है कि स्वरूप विश्वास से मुलाकात के दौरान उन्होंने स्ट्रीट फूड कार्ट लगाने की अनुमति दिलाने के बदले 80 लाख रुपये की रंगदारी मांगी। शिकायत में दावा किया गया है कि इतनी बड़ी रकम की मांग कर महिला पर दबाव बनाया गया।
महिला ने लगाया कुप्रस्ताव देने का आरोप
शिकायत में यह भी कहा गया है कि स्वरूप विश्वास ने महिला को ‘सुरुचि संघ’ में अकेले मिलने के लिए बुलाया और उन्हें अनुचित व्यक्तिगत प्रस्ताव दिया। महिला ने इसे आपत्तिजनक और उत्पीड़नपूर्ण व्यवहार बताते हुए पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। न्यू अलीपुर थाना पुलिस ने शिकायत मिलने के बाद विस्तृत जांच शुरू की। प्रारंभिक जांच में आरोपों को संज्ञेय अपराध की श्रेणी में पाए जाने के बाद पुलिस ने स्वरूप विश्वास के खिलाफ औपचारिक मामला दर्ज कर लिया। यहां उल्लेखनीय है कि कुछ दिनों पहले ही स्वरूप विश्वास को पुलिस ने जबरन वसूली और छेड़छाड़ के मामले में गिरफ्तार किया था।