तेज आंधी और मूसलाधार बारिश से दिन में छाया अंधेरा, कई जिलों में रेड अलर्ट जारी

कोलकाता समेत दक्षिण बंगाल में मौसम हुआ सुहाना
तेज आंधी और मूसलाधार बारिश से दिन में छाया अंधेरा, कई जिलों में रेड अलर्ट जारी
Published on

कोलकाता : कोलकाता समेत दक्षिण बंगाल के कई जिलों में शुक्रवार दोपहर मौसम ने अचानक करवट ले ली। सुबह से उमस भरी गर्मी और बादलों के बीच दोपहर होते-होते आसमान काला पड़ गया और तेज आंधी के साथ झमाझम बारिश शुरू हो गई। कई इलाकों में 50 से 70 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलीं।

कोलकाता के साल्टलेक, धर्मतल्ला, जादवपुर, बरानगर समेत अधिकांश इलाकों में भारी बारिश हुई। हालात ऐसे हो गए कि दिन में ही अंधेरा छा गया और लोगों को गाड़ियों की हेडलाइट जलाकर चलना पड़ा। तेज आंधी के कारण कई जगह पेड़ उखड़ गए और होर्डिंग व पोस्टर टूटकर सड़क पर गिर पड़े।

कोलकाता के अलावा हावड़ा और हुगली में भी तेज बारिश और तूफानी हवाओं का असर देखा गया। अलीपुर मौसम विभाग ने दक्षिण बंगाल के छह जिलों में रेड अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग के मुताबिक पूर्व और पश्चिम मेदिनीपुर, झाड़ग्राम, हावड़ा, हुगली और पूर्व बर्धमान में अगले कुछ घंटों तक तेज आंधी और भारी बारिश जारी रह सकती है।

मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि इन जिलों में 60 से 70 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तूफानी हवाएं चल सकती हैं। वहीं नदिया जिले में भी हल्की से मध्यम बारिश और 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा चलने का अनुमान जताया गया है।

प्रशासन ने लोगों से खराब मौसम के दौरान अनावश्यक रूप से घर से बाहर न निकलने और सतर्क रहने की अपील की है।

Google पर सन्मार्ग न्यूज़ पडे →
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in