आसमान में मंडराया खतरा, पेरिस-बैंकॉक फ्लाइट की कोलकाता में इमरजेंसी लैंडिंग

आसमान में मंडराया खतरा, पेरिस-बैंकॉक फ्लाइट की कोलकाता में इमरजेंसी लैंडिंग
Published on

सन्मार्ग संवाददाता

कोलकाता : पेरिस से बैंकॉक जा रही एक अंतरराष्ट्रीय उड़ान को तकनीकी खराबी और ईंधन की कमी के कारण रविवार को कोलकाता के नेताजी सुभाष चंद्र बोस अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर आपातकालीन लैंडिंग करनी पड़ी। विमान जब कोलकाता के आसमान के ऊपर से गुजर रहा था, तब पायलट को विमान में कुछ तकनीकी गड़बड़ी का अहसास हुआ। इसके बाद विमान ने सुरक्षा कारणों से हवा में कई चक्कर लगाए और एयर ट्रैफिक कंट्रोल (ATC) से संपर्क साधा गया।

यात्रियों की सुरक्षा और एयरलाइंस के कदम

कोलकाता एटीसी से हरी झंडी मिलने के बाद पायलट ने विमान को सुरक्षित रूप से एयरपोर्ट के बे नंबर 115 पर उतार लिया। इस फ्लाइट में कुल 268 यात्री और 12 क्रू मेंबर सवार थे। राहत की बात यह रही कि सभी यात्री पूरी तरह सुरक्षित हैं और उन्हें विमान से उतारकर एक स्थानीय होटल में ठहराया गया है। एयरपोर्ट सूत्रों के अनुसार, विमान में आई तकनीकी खराबी को दूर करने का काम चल रहा है, लेकिन इसमें अभी कुछ और वक्त लग सकता है। यात्रियों को उनके गंतव्य बैंकॉक तक पहुंचाने के लिए एयरलाइन द्वारा वैकल्पिक व्यवस्था पर विचार किया जा रहा है।

इसी दिन जयपुर में भी हुई एक अन्य इमरजेंसी लैंडिंग

इसी दिन देश के दूसरे हिस्से में भी एक ऐसी ही घटना सामने आई, जब भोपाल से दिल्ली जा रही एयर इंडिया की एक उड़ान को रास्ते में तकनीकी समस्या का सामना करना पड़ा। उड़ान भरने के कुछ ही देर बाद पायलट को इंजन में खराबी का पता चला, जिसके बाद एटीसी की सलाह पर विमान को तुरंत जयपुर एयरपोर्ट की ओर डायवर्ट कर दिया गया। वहां एहतियात के तौर पर युद्धस्तर पर आपातकालीन तैयारियां करते हुए विमान की सुरक्षित लैंडिंग कराई गई।

सन्मार्ग को Google पर पसंदीदा सोर्स बनाएं →
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in