निधि, सन्मार्ग संवाददाता
हावड़ा : लगातार हो रही भारी बारिश के बीच दामोदर नदी में जलस्तर बढ़ने की आशंका ने हावड़ा के उदयनारायणपुर और आमता-2 ब्लॉक के विस्तृत इलाकों के लोगों की चिंता बढ़ा दी है। मिली जानकारी के अनुसार डीवीसी के जलाशयों से पहले ही 19 हजार क्यूसेक पानी छोड़ा जा चुका है। वहीं, सोमवार को 38 हजार क्यूसेक अतिरिक्त पानी छोड़े जाने की सूचना है। यह पानी मंगलवार शाम तक उदयनारायणपुर से सटे दामोदर नदी क्षेत्र से होकर गुजरा हालांकि सिंचाई विभाग ने फिलहाल ग्रामीण हावड़ा में बाढ़ जैसी स्थिति की आशंका से इनकार किया है। स्थानीय लोगों का कहना है कि उदयनारायणपुर का नाम अतीत में कई बार बाढ़ से जुड़ा रहा है। इसी वजह से डीवीसी की ओर से अतिरिक्त पानी छोड़े जाने की खबर से लोगों में डर का माहौल है।
बांध पहले की तुलना में है काफी ऊंचा
हालांकि डीवीसी के पानी की मात्रा और बढ़ने की आशंका को देखते हुए सिंचाई विभाग के इंजीनियर डिहिभुरसुट, बकपोटा समेत कई इलाकों में लगातार निगरानी कर रहे हैं। बकपोटा के पास गुचाईतपाड़ा इलाके में दामोदर का बांध अपेक्षाकृत नीचा है, इसलिए इस हिस्से पर विशेष नजर रखी जा रही है। पुलिस और जिला प्रशासन के अधिकारी भी बांध की स्थिति का जायजा ले चुके हैं। उनका कहना है कि रूपनारायण, मुंडेश्वरी और हुड़हुड़िया खाल से घिरे हावड़ा के द्वीप क्षेत्र भाटोरा तथा घोड़ाबेरिया चितनान ग्राम पंचायत इलाकों में मुंडेश्वरी नदी का जलस्तर बढ़ा है, लेकिन फिलहाल स्थिति सामान्य है। अधिकारियों के अनुसार उदयनारायणपुर इलाके में बांध को पहले की तुलना में काफी ऊंचा किया गया है। साथ ही नदी से गाद निकालने के कारण दामोदर की जलधारण क्षमता भी बढ़ी है। अधिकारियों का दावा है कि एक लाख क्यूसेक से अधिक पानी छोड़े जाने पर भी फिलहाल समस्या की आशंका नहीं है।