दादा के खाते से पोते ने उड़ाए 29.50 लाख रुपये

दोस्त संग की लग्जरी यात्राएं और पार्टियां
 पुलिस की गिरफ्त में अभियुक्त
पुलिस की गिरफ्त में अभियुक्त
Published on: 

महंगे शौक पूरे करने के लिए बुजुर्ग दादा की जमा-पूंजी पर पोते ने ही डाला डाका

दोस्त के साथ मिलकर बैंक खाते से निकाली रकम

मनाली से नैनीताल तक की सैर और महंगी कार पर उड़ाए लाखों रुपये

नयी दिल्ली : रिश्तों को शर्मसार करने वाला एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। जिस पोते पर बुजुर्ग दादा की देखभाल और उनका सहारा बनने की जिम्मेदारी थी, उसी ने दोस्त के साथ मिलकर उनके बैंक खाते से करीब 29.50 लाख रुपये निकाल लिए। नौसेना के 87 वर्षीय सेवानिवृत्त कर्मचारी की मेहनत की कमाई से आरोपियों ने लग्जरी यात्राएं कीं, दोस्तों के साथ पार्टियां कीं और महंगे शौक पूरे किए। दिल्ली पुलिस ने मामले में पोते समेत दो युवकों को गिरफ्तार किया है।

अप्रैल से अक्टूबर के बीच खाते से निकाले लाखों रुपये

पूर्वी दिल्ली के पुलिस उपायुक्त राजीव कुमार के मुताबिक, आरोपियों की पहचान उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर निवासी अभिषेक राघव (22) और तुषार चौधरी (22) के रूप में हुई है। अभिषेक पीड़ित जगदीश सिंह का पोता है, जबकि तुषार उसका दोस्त और कथित सहयोगी है।

पुलिस के अनुसार, शिकायतकर्ता अश्विनी राघव ने अपने 87 वर्षीय पिता के बैंक खाते से धोखाधड़ी कर रकम निकाले जाने की शिकायत दर्ज कराई थी। जांच में पता चला कि अप्रैल से अक्टूबर 2026 के बीच खाते से कुल 29,50,892 रुपये निकाले गए।

दो बैंक खातों में ट्रांसफर की गई ठगी की रकम

बैंक खातों और वित्तीय लेनदेन की जांच में पुलिस को पता चला कि निकाली गई रकम अलग-अलग खातों में भेजी गई थी।

  • 9,26,892 रुपये अभिषेक के इंडिया पोस्ट पेमेंट्स बैंक खाते में ट्रांसफर हुए

  • 20,24,000 रुपये तुषार के पंजाब नेशनल बैंक खाते में भेजे गए

जांच में सामने आया कि अभिषेक का मोबाइल नंबर उसके दादा के बैंक खाते से जुड़ा हुआ था। आरोप है कि उसने इसी सुविधा और बैंक खाते से संबंधित जानकारियों का दुरुपयोग कर दोस्त तुषार के साथ मिलकर धोखाधड़ी की।

मनाली, नैनीताल और ओडिशा में की मौज-मस्ती

पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने कथित तौर पर बताया कि ठगी की रकम से उन्होंने मनाली, नैनीताल और ओडिशा की यात्राएं कीं। इसके अलावा नोएडा में दोस्तों के साथ पार्टियां करने और दूसरे महंगे शौक पूरे करने में भी लाखों रुपये खर्च किए।

2.75 लाख की कार खरीदी, 1.25 लाख का म्यूजिक सिस्टम लगवाया

आरोपियों ने कथित तौर पर ठगी की रकम से 2.75 लाख रुपये में एक फॉक्सवैगन पोलो कार खरीदी। इतना ही नहीं, कार को लग्जरी लुक और बेहतर साउंड देने के लिए उसमें 1.25 लाख रुपये का म्यूजिक सिस्टम भी लगवाया।

पुलिस ने ठगी की रकम से खरीदी गई कार जब्त कर ली है। आरोपियों के पास से दो मोबाइल फोन भी बरामद किए गए हैं।

बुलंदशहर में छापेमारी कर पुलिस ने दबोचा

बैंक खातों, केवाईसी दस्तावेजों और लेनदेन की कड़ियां जोड़ने के बाद पुलिस ने उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर जिले में छापेमारी कर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। फिलहाल दोनों पुलिस हिरासत में हैं और उनसे पूछताछ की जा रही है।

बाकी रकम की बरामदगी में जुटी पुलिस

पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि 29.50 लाख रुपये में से कितनी रकम खर्च हो चुकी है और कितनी बरामद की जा सकती है। साथ ही जांच की जा रही है कि इस धोखाधड़ी में दोनों के अलावा कोई अन्य व्यक्ति भी शामिल था या नहीं।

सन्मार्ग को Google पर पसंदीदा सोर्स बनाएं →
Follow Sanmarg on Google News