CBSE री-इवैल्यूएशन पोर्टल पर साइबर अटैक, 2 मिनट में 15 लाख हिट्स

बोर्ड ने कहा- साइबर हमलों के बावजूद सेवाएं रहीं सामान्य, तकनीकी टीम 24 घंटे निगरानी में जुटी
CBSE री-इवैल्यूएशन पोर्टल पर साइबर अटैक, 2 मिनट में 15 लाख हिट्स
Published on

नई दिल्ली : केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (CBSE) के री-इवैल्यूएशन पोर्टल पर बड़ी संख्या में छात्रों के आवेदन के बीच साइबर हमले की कोशिशें भी सामने आई हैं। बोर्ड ने बताया कि पोर्टल को हाल के दिनों में कई साइबर हमलों का सामना करना पड़ा, लेकिन इसके बावजूद हजारों छात्र बिना किसी बड़ी तकनीकी बाधा के अपनी आवेदन प्रक्रिया पूरी करने में सफल रहे।

सीबीएसई के अनुसार, री-इवैल्यूएशन पोर्टल एक समय में 8,000 से अधिक उपयोगकर्ताओं को संभालने की क्षमता रखता है। मंगलवार दोपहर 3 बजे तक 16,000 से ज्यादा छात्र सफलतापूर्वक अपने उत्तर पुस्तिकाओं के पुनर्मूल्यांकन के लिए आवेदन जमा कर चुके थे।

बोर्ड ने जानकारी दी कि छात्रों की बढ़ती संख्या के साथ कुछ शरारती तत्वों ने पोर्टल की सेवाओं को बाधित करने की कोशिश की। सबसे हालिया साइबर हमले में महज दो मिनट के भीतर पोर्टल पर करीब 15 लाख हिट्स दर्ज किए गए। इसके अलावा, एक लाख से अधिक बार अनधिकृत रूप से फाइलों तक पहुंच बनाने का प्रयास किया गया।

हालांकि, सीबीएसई की साइबर सुरक्षा टीम लगातार सक्रिय रही और उसने इन हमलों को विफल करते हुए पोर्टल की सेवाओं को सामान्य बनाए रखा। बोर्ड का कहना है कि छात्रों को किसी भी प्रकार की परेशानी से बचाने के लिए तकनीकी विशेषज्ञ चौबीसों घंटे सिस्टम की निगरानी कर रहे हैं।

सीबीएसई ने छात्रों और अभिभावकों से अपील की है कि वे केवल आधिकारिक वेबसाइट और पोर्टल का ही उपयोग करें तथा किसी भी अफवाह या फर्जी लिंक से सावधान रहें। बोर्ड का कहना है कि री-इवैल्यूएशन प्रक्रिया पारदर्शी और सुरक्षित तरीके से जारी है तथा सभी पात्र छात्रों को निर्धारित समय के भीतर आवेदन करने का अवसर मिलेगा।

Google पर संवाद सर्च बनाएं →
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in