फालता केस में आज हाईकोर्ट की अहम सुनवाई, TMC नेता जहांगीर खान की बढ़ेंगी मुश्किलें?

अंतरिम सुरक्षा खत्म, गिरफ्तारी पर फैसला आज संभव; पुनर्मतदान में करारी हार के बाद बढ़ा दबाव
फालता केस में आज हाईकोर्ट की अहम सुनवाई, TMC नेता जहांगीर खान की बढ़ेंगी मुश्किलें?
Published on: 

कलकत्ता हाईकोर्ट में फालता विधानसभा क्षेत्र से जुड़े अहम मामले पर मंगलवार, 26 मई को सुनवाई होने जा रही है। जस्टिस सौगता भट्टाचार्य की सिंगल बेंच के सामने तृणमूल कांग्रेस के उम्मीदवार जहांगीर खान की अग्रिम जमानत याचिका पर फैसला हो सकता है, जिस पर सबकी नजरें टिकी हैं।

गौरतलब है कि अदालत ने इससे पहले जहांगीर खान को 24 मई तक के लिए अंतरिम सुरक्षा दी थी, जिससे उन्हें गिरफ्तारी और पुलिस की किसी भी दंडात्मक कार्रवाई से राहत मिली हुई थी। लेकिन यह सुरक्षा अब समाप्त हो चुकी है, ऐसे में उनकी गिरफ्तारी की आशंका फिर से बढ़ गई है।

जहांगीर खान के खिलाफ 29 अप्रैल को फालता में मतदान के दौरान और उससे पहले मतदाताओं को धमकाने के आरोप में कई FIR दर्ज की गई थीं। इसी के चलते उन्होंने 18 मई को हाईकोर्ट में अग्रिम जमानत की याचिका दायर की थी।

दिलचस्प बात यह है कि 21 मई को पुनर्मतदान से ठीक पहले जहांगीर खान ने अचानक चुनाव से नाम वापस लेने का ऐलान कर दिया था और नए मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी के विकास पैकेज का समर्थन भी जताया था। हालांकि यह वापसी केवल प्रतीकात्मक रही, क्योंकि ईवीएम पर उनका नाम बना रहा।

24 मई को आए नतीजों में बीजेपी उम्मीदवार देबांशु पांडा ने 1 लाख से ज्यादा वोटों से बड़ी जीत दर्ज की। वहीं, जहांगीर खान चौथे स्थान पर रहे और उन्हें सिर्फ 7,783 वोट मिले, जिससे उनकी जमानत भी जब्त हो गई।

अब हाईकोर्ट की आज की सुनवाई में यह तय होगा कि जहांगीर खान को आगे भी राहत मिलती है या उनकी मुश्किलें और बढ़ने वाली हैं।

सन्मार्ग को Google पर पसंदीदा सोर्स बनाएं →
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in