Crime News: हावड़ा में सरेआम बिहार के हिस्ट्रीशीटर की गोली मारकर हत्या

suresh_yadav
Published on

हावड़ा: हावड़ा में अष्टमी की रात करीब 9:30 बजे संध्या बाजार इलाके के बोन बिहारी लेन में बाइक सवार दो हमलावरों ने बिहार के गोपालगंज निवासी सुरेश यादव (55) की गोली मारकर हत्या कर दी। खून से लथपथ सुरेश को अस्पताल ले जाया गया, जहां उसे मृत घोषित कर दिया गया।

इस घटना के बाद मौके पर हावड़ा सिटी पुलिस के डीसी विश्वजीत महतो समेत आला अधिकारी पहुंचे और तत्काल कार्रवाई शुरू कर दी। पुलिस के अनुसार, सुरेश उस रात बोन बिहारी बोस लेन में पैदल जा रहे थे। तभी दो बाइक सवार हमलावरों ने उन पर ताबड़तोड़ फायरिंग की। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि हमलावरों ने वारदात को अंजाम देकर तेजी से फरार हो गये।

कौन था सुरेश यादव

प्रारंभिक जांच में पता चला है कि सुरेश बिहार के गोपालगंज में कुख्यात हिस्ट्रीशीटर था। उनके खिलाफ वहां कई आपराधिक मामले दर्ज हैं, जिनमें हत्या, लूट और गैंगवार से जुड़े आरोप शामिल हैं। उसने गोपालगंज जेल में 7-8 साल की सजा भी काटी थी। दो साल पहले गोपालगंज में उस पर जानलेवा हमला हुआ था, जिसमें वह बाल-बाल बच गया था। पुलिस को शक है कि हावड़ा में हुई यह हत्या उसकी पुरानी दुश्मनी या गैंगवार का परिणाम हो सकती है।

क्या कहा सीपी ने

हावड़ा पुलिस कमिश्नर प्रवीण त्रिपाठी ने बताया कि घटना रात 9:30 बजे संध्या बाजार में हुई। बाइक सवार दो हमलावरों ने सुरेश यादव पर कई राउंड गोलियां चलाईं। सीसीटीवी फुटेज की जांच की जा रही है और कुछ महत्वपूर्ण सुराग मिले हैं। जल्द ही आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। पुलिस ने बिहार पुलिस से संपर्क साधा है और हमलावरों के बिहार कनेक्शन की जांच की जा रही है।

Google पर सन्मार्ग न्यूज़ पडे →
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in