

निधि, सन्मार्ग संवाददाता
हावड़ा: बाजारों में नकली और जाली उत्पादों के अवैध निर्माण, वितरण और बिक्री पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस प्रशासन ने अपना शिकंजा कसना शुरू कर दिया है। इसी कड़ी में जिला प्रवर्तन शाखा (DEB) की टीम और बागनान थाना पुलिस ने संयुक्त रूप से विभिन्न प्रमुख बाजारों में औचक निरीक्षण अभियान चलाया। इस कार्रवाई के दौरान अधिकारियों ने कई दुकानों व व्यापारिक प्रतिष्ठानों में पहुंचकर उत्पादों की गुणवत्ता, उनकी प्रामाणिकता और आपूर्ति स्रोतों (सप्लाई सोर्स) की गहनता से पड़ताल की।
ब्रांडेड उत्पादों के नाम पर फर्जीवाड़े पर एफआईआर दर्ज
दूसरी ओर, जॉयपुर थाना क्षेत्र में एक नामी कंपनी के नाम पर फर्जीवाड़ा किए जाने का मामला सामने आया है। जॉयपुर थाना पुलिस ने 'टाटा कंज्यूमर प्रोडक्ट्स लिमिटेड' के नाम से कथित तौर पर नकली उत्पादों का निर्माण, थोक वितरण और खुदरा बिक्री करने की शिकायत मिलने पर तुरंत प्राथमिकी दर्ज की है। पुलिस ने कॉपीराइट एक्ट 1957 की धारा 63/65 और भारतीय न्याय संहिता (BNS) की सुसंगत धाराओं के तहत केस दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
दुकानदारों को चेतावनी, आगे भी जारी रहेगी जांच
पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि ब्रांडेड कंपनियों के नाम पर ग्राहकों को चूना लगाने वाले गिरोहों और व्यापारियों को बख्शा नहीं जाएगा। बाजारों में जांच अभियान चलाने के साथ-साथ खुदरा कारोबारियों को भी सख्त हिदायत दी जा रही है कि वे अनधिकृत या संदिग्ध स्रोतों से सामान न खरीदें। पुलिस प्रशासन का कहना है कि ग्राहकों के हितों की रक्षा और अवैध व्यापार पर पूर्ण विराम लगाने के लिए यह विशेष अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।