

कोलकाता : 6 अक्टूबर को होने वाले नंदीग्राम और रेजीनगर उपचुनाव को लेकर वाममोर्चे ने शनिवार को अपने पत्ते खोल दिये। नंदीग्राम में एक बार फिर सीपीआई के अनुभवी नेता शांतिगोपल गिरि पर भरोसा जताया गया है, जबकि रेजीनगर से सीपीएम ने सईद आसद अली को उम्मीदवार बनाया है। 2026 के विधानसभा चुनाव में शांतिगोपल गिरि ने नंदीग्राम में मुख्यमंत्री के खिलाफ चुनाव लड़ा था, लेकिन तीसरे स्थान पर रहे थे।
उम्मीदवारों की घोषणा के साथ ही रेजीनगर को लेकर वाममोर्चे की अंदरूनी खींचतान भी खुलकर सामने आ गयी। इस सीट पर आरएसपी लगातार अपना दावा कर रही थी। शुक्रवार की बैठक में सहमति नहीं बनने के बावजूद शनिवार को वाममोर्चे ने सीपीएम के सईद आसद अली के नाम की घोषणा कर दी।
इससे आरएसपी का गुस्सा और बढ़ गया। पार्टी ने सीपीएम पर ‘दादागिरी’ करते हुए सीट हथियाने का आरोप लगाया है। सूत्रों के मुताबिक, विरोध में आरएसपी रेजीनगर से अपना अलग उम्मीदवार उतार सकती है।
वाममोर्चे ने संकट टालने के लिए रविवार को घटक दलों की बैठक बुलायी है, लेकिन आरएसपी ने इसमें शामिल होने से साफ इनकार कर दिया है। ऐसे में रेजीनगर में वामपंथी वोटों के बंटवारे की आशंका बढ़ गयी है। कांग्रेस पहले ही उम्मीदवार घोषित कर चुकी है, जबकि बीजेपी और टीएमसी के प्रत्याशियों का इंतजार है।