वार्ड पुनर्गठन के विरोध में कांग्रेस ने निकाला मार्च

KMC के खिलाफ सड़क पर जोरदार प्रदर्शन
रैली में प्रदेश कांग्रेस प्रमुख शुभंकर सरकार
रैली में प्रदेश कांग्रेस प्रमुख शुभंकर सरकार
Published on

कोलकाता : कोलकाता नगर निगम की कथित बदहाल व्यवस्था, भ्रष्टाचार और वार्ड पुनर्गठन के विरोध में बुधवार को कांग्रेस ने वेलिंगटन स्क्वायर से निगम मुख्यालय की ओर मार्च निकाला। एसएन बनर्जी रोड से आगे बढ़ रहे कांग्रेस कार्यकर्ताओं को पुलिस ने जानबाजार के पास रोक दिया। इसके बाद प्रदर्शनकारी सड़क पर बैठ गये। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष शुभंकर सरकार ने भी कार्यकर्ताओं के साथ धरना दिया। बाद में कांग्रेस के एक प्रतिनिधिमंडल ने प्रशासन को ज्ञापन सौंपा।

शुभंकर सरकार ने आरोप लगाया कि मेयर के इस्तीफे के बाद नगर निगम की व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गयी है। प्रशासनिक व्यवस्था लागू होने के बावजूद आम लोगों को जरूरी नागरिक सेवाएं नहीं मिल रही हैं। उन्होंने निगम की कमिश्नर और प्रशासक पर मनमाने तरीके से काम करने का आरोप लगाया।

कांग्रेस ने वार्डों के पुनर्गठन और परिसीमन की प्रक्रिया पर भी सवाल उठाये। शुभंकर सरकार ने कहा कि सर्वदलीय बैठक के बिना 144 वार्डों को बढ़ाकर 209 करने का फैसला कैसे लिया गया। उन्होंने आरोप लगाया कि जनगणना पूरी होने से पहले ही परिसीमन की प्रक्रिया शुरू कर दी गयी है।

उन्होंने कहा कि वार्डों के विभाजन का आधार स्पष्ट नहीं है और इस पूरी प्रक्रिया में पारदर्शिता का अभाव है। कांग्रेस ने मांग की कि वार्ड पुनर्गठन को लेकर सभी राजनीतिक दलों के साथ सर्वदलीय बैठक की जाए और प्रक्रिया के मानदंड सार्वजनिक किये जाएं।

कांग्रेस नेताओं ने निगम की नागरिक सेवाओं में सुधार, प्रशासनिक व्यवस्था की समीक्षा और जनता से जुड़े मुद्दों पर तत्काल कदम उठाने की भी मांग की। प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने निगम प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की।

Google पर सन्मार्ग न्यूज़ पडे →
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in