Congress ने मालवीय और अर्नब गोस्वामी के खिलाफ दर्ज करायी FIR

Congress ने मालवीय और अर्नब गोस्वामी के खिलाफ दर्ज करायी FIR

कांग्रेस पार्टी ने झूठी और भ्रामक जानकारी फैलाने का लगाया आरोप
Published on

नई दिल्ली : कांग्रेस ने भाजपा आईटी सेल प्रमुख अमित मालवीय और रिपब्लिक टीवी के जर्नलिस्ट अर्नब गोस्वामी के खिलाफ एफआईआर दर्ज करायी है। दोनों पर कांग्रेस पार्टी के खिलाफ झूठी और भ्रामक जानकारी फैलाने का आरोप है।

मालवीय ने 17 मई को ‘एक्स’ पर अर्नब गोस्वामी एक वीडियो शेयर किया, जिसमें वो बता रहे हैं कि कांग्रेस पार्टी का तुर्किये में रजिस्टर्ड ऑफिस है। मालवीय ने लिखा कि राहुल गांधी को बताना चाहिए कि ऐसा करने की जरूरत क्यों पड़ी। यह हैरान और समझ से बाहर का मामला है। देश को इसका सच जानने का हक है। इसी वीडियो को लेकर शिकायत में कहा गया है कि ऐसा सोची-समझी रणनीति के तहत देश की जनता को गुमराह और कांग्रेस पार्टी को बदनाम करने के लिए किया गया है।

यह लोगों की भावनाओं को भड़काने, देश की सुरक्षा और लोकतंत्र को कमजोर करने की कोशिश है। पहलगाम हमले के बाद भारत-पाक तनाव के बीच तर्किये ने पाकिस्तान को खुलकर समर्थन दिया था। साथ ही भारत के खिलाफ इस्तेमाल के लिए पाकिस्तान को ड्रोन्स-हथियार और इन्हें चलाने वाले ट्रेंड लोग भी भेजे। इसके बाद देशभर में तुर्किये को बॉयकॉट किया गया।

बीएनएस की धारा 192 और 352 के तहत बेंगलुरू में केस दर्ज

भारतीय युवा कांग्रेस के लीगल सेल प्रमुख प्रमुख श्रीकांत स्वरूप बी एन की शिकायत पर हाई ग्राउंड पुलिस स्टेशन बेंगलुरू में केस दर्ज किया गया है। बीएनएस की धारा 192 (जानबूझकर दंगा भड़काने की मंशा से भड़काऊ जानकारी देना) और धारा 352 (जानबूझकर अपमान करके शांति भंग करना) के तहत मामला दर्ज हुआ है। शिकायत में प्रेस काउंसिल ऑफ इंडिया, सूचना और प्रसारण मंत्रालय, सीबीआई और अन्य एजेंसियों से अपील की गयी है कि इसे आपात स्थिति की तरह गंभीरता से लिया जाये।

logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in