राफेल की पांचवीं पीढ़ी की इंजन प्रौद्योगिकी के पूर्ण हस्तांतरण को तैयार फ्रांसीसी कंपनी

वैश्विक रक्षा एवं विमानन कंपनी सैफरान के सीईओ ओलिवर एंड्रीस ने कहा कि राफेल का अतिरिक्त ऑर्डर मिला तो भारत में हम असेंबली लाइन लगाने को तैयार
राफेल की पांचवीं पीढ़ी की इंजन प्रौद्योगिकी के पूर्ण हस्तांतरण को तैयार फ्रांसीसी कंपनी
Published on: 

हैदराबादः वैश्विक रक्षा एवं विमानन कंपनी सैफरान ने बुधवार को कहा कि फ्रांसीसी सरकार के पूर्ण समर्थन से वह भारत के पांचवीं पीढ़ी के लड़ाकू विमान कार्यक्रम के लिए इंजन प्रौद्योगिकी का पूर्ण हस्तांतरण करने के लिए प्रतिबद्ध है।

सैफरान के मुख्य कार्यपालक अधिकारी ओलिवर एंड्रीस ने यहां संवाददाताओं से कहा कि कंपनी रक्षा अनुसंधान एवं विकास संगठन (डीआरडीओ) के साथ इंजन के सह-विकास पर तकनीकी एवं वाणिज्यिक चर्चाएं करेगी।

उन्होंने कहा कि भारत एकमात्र देश है जिसके लिए कंपनी इंजन प्रौद्योगिकी का पूरी तरह हस्तांतरण करने का प्रस्ताव दे रही है।

कंपनी को राफेल का और ऑर्डर मिलने की उम्मीद

एंड्रीस ने कहा, ‘‘फ्रांस सरकार के पूरे समर्थन से हम अगले लड़ाकू विमान इंजन के विकास के लिए इंजन प्रौद्योगिकी हस्तांतरण के लिए पूरी तरह से प्रतिबद्ध हैं।’’

फ्रांसीसी विमानन कंपनी सैफरान ने बुधवार को कहा कि अगर भारतीय वायुसेना राफेल लड़ाकू विमानों के लिए अतिरिक्त ऑर्डर देती है तो कंपनी राफेल के इंजन एवं अन्य महत्वपूर्ण कलपुर्जों के लिए भारत में अंतिम असेंबली लाइन लगाने के लिए प्रतिबद्ध होगी।

सैफरान के मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) ओलिवर एंड्रीस ने यहां कंपनी के लीप इंजन रखरखाव, मरम्मत और देखभाल (मेंटेनेंस, रिपेयर ओवरहॉल-एमआरओ) केंद्र के उद्घाटन के बाद संवाददाताओं से कहा कि अगर ऐसा होता है, तो यह फ्रांस के बाहर ऐसी पहली इकाई होगी।

भारत में 70 वर्षों से सैफरान सक्रिय

उन्होंने कहा, ‘अगर भारतीय वायुसेना से अतिरिक्त राफेल लड़ाकू विमानों के ऑर्डर मिलते हैं, तो हम भारत में (राफेल जेट के लिए) जरूरी उपकरणों की अंतिम (फाइनल) असेंबली लाइन बनाने के लिए तैयार रहेंगे।’ भारत में 70 वर्षों से मौजूद सैफरान राफेल विमानों के लिए इंजन, लैंडिंग गियर, इलेक्ट्रिकल और ऑक्सीजन प्रणाली, इजेक्टेबल सीट जैसे कई महत्वपूर्ण घटक उपलब्ध कराती है।

हाल ही में भारत ने 26 राफेल एम नौसैनिक संस्करणों का ऑर्डर दिया है और वर्तमान में 36 राफेल एवं 47 मिराज 2000 लड़ाकू विमान संचालित किए जा रहे हैं।

प्रधानमंत्री ने बताया नये युग की शुरुआत

इस मौके पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वीडियो के जरिये समारोह को संबोधत किया। उन्होंने कहा कि आज से, भारत का विमानन क्षेत्र एक नई उड़ान भरने के लिए तैयार है। सफ्रान की नई सुविधा भारत को एक वैश्विक एमआरओ केंद्र के रूप में स्थापित करने में मदद करेगी। यह हमारे युवाओं के लिए नए अवसर भी खोलेगा। मुझे उम्मीद है कि भारत में सफ्रान का निवेश इसी गति से जारी रहेगा।

राफेल के एम88 इंजन के वास्ते संयंत्र का विकास शुरू

बुधवार को हैदराबाद में राफेल के एम88 इंजन के लिए समर्पित रखरखाव, मरम्मत एवं देखभाल संयंत्र का भूमिपूजन समारोह भी आयोजित किया गया। करीब 5,000 वर्ग मीटर में फैला यह केंद्र चार करोड़ यूरो से अधिक निवेश पर विकसित किया जा रहा है और यह प्रति वर्ष 600 इंजन मॉड्यूल की सर्विसिंग करेगा तथा पूर्ण क्षमता पर 150 लोगों को रोजगार देगा।

यहां पर मुख्य रूप से भारतीय वायुसेना के विमानों के इंजन की देखभाल की जाएगी। हालांकि, यह केंद्र अन्य एम88 निर्यात ग्राहकों के लिए भी एमआरओ सेवाएं प्रदान करेगा।

इस दौरान सैफरान के सीईओ ने कहा कि कंपनी की 2030 तक भारत से अपनी वार्षिक आय तीन अरब यूरो से अधिक करने की योजना है।

सन्मार्ग को Google पर पसंदीदा सोर्स बनाएं →
Follow Sanmarg on Google News
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in