

13 दिनों बाद कोलकाता में न्यूनतम तापमान 14.4 डिग्री
मुनमुन, सन्मार्ग संवाददाता
कोलकाता : माघ महीने में विदा लेती ठंड ने एक बार फिर करवट ले ली है। पिछले कुछ दिनों से पश्चिम बंगाल में ठंड लगभग गायब सी हो गई थी, लेकिन अब सर्दी ने जोरदार वापसी की है। पश्चिमी विक्षोभ की गर्मी को पछाड़ते हुए उत्तरी हवाओं के प्रभाव से तापमान में स्पष्ट गिरावट दर्ज की गई है। करीब 13 दिनों बाद कोलकाता में न्यूनतम तापमान 14 डिग्री सेल्सियस के आसपास पहुंच गया है। शनिवार को शहर का न्यूनतम तापमान 14.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इससे पहले 24 जनवरी को तापमान 14.1 डिग्री तक गिरा था, वह दिन भी शनिवार ही था। बीते कुछ दिनों से जहां ठंड महसूस नहीं हो रही थी, वहीं अब सुबह और रात के समय ठिठुरन बढ़ गई है।
बारिश नहीं, कोहरे की संभावना
मौसम विभाग के अनुसार अगले 24 घंटों तक तापमान में विशेष बदलाव की संभावना नहीं है। हालांकि सोमवार और मंगलवार से धीरे-धीरे पारा चढ़ने लगेगा। बुधवार और गुरुवार तक कोलकाता में न्यूनतम तापमान फिर से 16 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है। अगले 7 दिनों तक राज्य में बारिश की कोई संभावना नहीं है। हालांकि पश्चिम बर्दवान और बीरभूम के कुछ हिस्सों में घना कोहरा छाया रह सकता है। कोलकाता समेत अन्य जिलों में सुबह हल्का कोहरा रहने की आशंका है।
उत्तर बंगाल में ठंड बरकरार
उत्तर बंगाल में अगले 4 से 5 दिनों तक न्यूनतम तापमान में खास बदलाव नहीं होगा। दार्जिलिंग के पहाड़ी इलाकों में रविवार तक तापमान 5 से 6 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की संभावना है। कलिम्पोंग और ऊपरी मैदानी जिलों में तापमान 10 से 12 डिग्री तथा मालदा जैसे निचले इलाकों में तापमान 13 से 15 डिग्री सेल्सियस के बीच बना रहेगा।
एक नजर इन आंकड़ों पर
जिला डिग्री (सेल्सियस
कोलकाता 14.4
कल्याणी 10.0
सिउड़ी 10.2
बांकुड़ा 11.0
श्रीनिकेतन 11.0
जलपाईगुड़ी 11.0
कूचबिहार 11.0
दार्जिलिंग 5–6
कलिम्पोंग 10–12
उत्तर बंगाल 10–12
मालदा 13–15