

मुनमुन, सन्मार्ग संवाददाता
कोलकाता : फरवरी के महीने में एक बार फिर पश्चिम बंगाल में ठंड ने जोर पकड़ लिया है। तापमान में हल्की बढ़ोतरी के बाद अचानक आई गिरावट से आम जनजीवन पर ठंड का असर साफ दिखाई दे रहा है। खासकर दक्षिण बंगाल में सुबह-शाम की ठिठुरन ने लोगों को चौंका दिया है और यह सवाल उठने लगा है कि क्या यह ठंड का आखिरी दिन है या अभी और ठंड बाकी है।
सामान्य से नीचे बना हुआ है तापमान
मौसम विभाग के अनुसार, कोलकाता समेत दक्षिण बंगाल के ज्यादातर जिलों में तापमान फिलहाल सामान्य से नीचे दर्ज किया जा रहा है। उत्तर दिशा से चल रही ठंडी हवाओं के कारण अगले 2 दिनों तक ठंड का एहसास बना रहेगा। पश्चिमी जिलों में न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है। कोलकाता में तापमान 13 से 16 डिग्री के बीच रहने की संभावना है। कुछ जगहों पर तापमान 10 डिग्री तक गिर सकता है।
गुरुवार से बदलेगा मौसम का मिजाज
मौसम विभाग का कहना है कि गुरुवार से मौसम में बदलाव शुरू होगा। गुरुवार से रविवार के बीच न्यूनतम तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी हो सकती है। इसके अलावा कोलकाता, हुगली, उत्तर व दक्षिण 24 परगना, पूर्व-पश्चिम मेदिनीपुर, झाड़ग्राम, पुरुलिया, बांकुड़ा, पूर्व-पश्चिम बर्दवान, बीरभूम, मुर्शिदाबाद और नदिया में अगले 7 दिनों तक हल्का कोहरा छाए रहने की संभावना है।
कैसा रहेगा उत्तर बंगाल का मौसम?
उत्तर बंगाल में तापमान में तेज गिरावट दर्ज की गई है। पहाड़ी और तराई इलाकों में सर्दी का असर बढ़ा है। हालांकि बुधवार यानी आज से न्यूनतम तापमान में धीरे-धीरे बढ़ोतरी होने की संभावना है। दार्जिलिंग, जलपाईगुड़ी और कूचबिहार में हल्का से मध्यम कोहरा रह सकता है। फिलहाल बारिश की कोई संभावना नहीं है और मौसम शुष्क बना रहेगा।