दिल्ली में आज 'Cockroach Janta Party' का बड़ा प्रदर्शन

धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग को लेकर CJP का प्रदर्शन, दिल्ली पुलिस ने बढ़ाई सुरक्षा; 2000 जवान तैनात, संवेदनशील इलाकों पर कड़ी निगरानी
दिल्ली में आज 'Cockroach Janta Party' का बड़ा प्रदर्शन
Published on

नई दिल्ली : राजधानी दिल्ली में शनिवार को प्रस्तावित विरोध प्रदर्शन को लेकर सुरक्षा एजेंसियां पूरी तरह सतर्क हो गई हैं। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'कॉकरोच जनता पार्टी' (सीजेपी) के संस्थापक अभिजीत दीपके के आह्वान पर जंतर-मंतर पर बड़े प्रदर्शन की तैयारी की जा रही है। प्रदर्शन की घोषणा के बाद दिल्ली पुलिस ने व्यापक सुरक्षा इंतजाम किए हैं और संवेदनशील क्षेत्रों में अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती शुरू कर दी है।

जंतर-मंतर पर जुट सकते हैं हजारों प्रदर्शनकारी

दिल्ली पुलिस को आशंका है कि देश के विभिन्न राज्यों से बड़ी संख्या में लोग प्रदर्शन में शामिल होने के लिए राजधानी पहुंच सकते हैं। इस आंदोलन में छात्रों, कोचिंग संस्थानों से जुड़े लोगों और आम नागरिकों के शामिल होने की संभावना जताई जा रही है। स्थिति को देखते हुए नई दिल्ली जिले को 12 जोन में बांटा गया है और करीब 2000 पुलिसकर्मियों को तैनात किया गया है।

पीएम मोदी, अमित शाह और धर्मेंद्र प्रधान के आवासों की सुरक्षा बढ़ी

प्रस्तावित प्रदर्शन के मद्देनजर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह और केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के आवासों के आसपास सुरक्षा व्यवस्था और कड़ी कर दी गई है। पुलिस और खुफिया एजेंसियां पूरे घटनाक्रम पर लगातार नजर बनाए हुए हैं।

अब तक नहीं मांगी गई प्रदर्शन की अनुमति

दिल्ली पुलिस के अनुसार, जंतर-मंतर पर प्रदर्शन के लिए अब तक कोई औपचारिक अनुमति आवेदन नहीं मिला है। अधिकारियों का कहना है कि प्रदर्शन की जानकारी उन्हें मुख्य रूप से सोशल मीडिया पोस्ट और ऑनलाइन संदेशों के जरिए प्राप्त हुई है। यदि आयोजकों की ओर से अनुमति मांगी जाती है तो नियमानुसार उस पर विचार किया जाएगा।

धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग

सीजेपी ने परीक्षा संबंधी कथित गड़बड़ियों को लेकर केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग करते हुए प्रदर्शन का आह्वान किया है। पार्टी संस्थापक अभिजीत दीपके ने समर्थकों और छात्रों से दिल्ली पहुंचकर आंदोलन में शामिल होने की अपील की है। उन्होंने कहा है कि अमेरिका से लौटने के बाद वह स्वयं इस प्रदर्शन का नेतृत्व करेंगे।

उच्चस्तरीय बैठक में सुरक्षा तैयारियों की समीक्षा

दिल्ली पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों ने कानून-व्यवस्था और संभावित भीड़ को देखते हुए उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक की। सभी जिला इकाइयों को अलर्ट पर रखा गया है और खुफिया सूचनाओं के आधार पर हालात का लगातार आकलन किया जा रहा है।

खुफिया एजेंसियां भी सक्रिय

सूत्रों के अनुसार, खुफिया एजेंसियां उन रिपोर्टों की भी जांच कर रही हैं जिनमें कुछ राजनीतिक समूहों द्वारा प्रदर्शन को समर्थन देने की बात कही गई है। सुरक्षा एजेंसियां हर संभावित पहलू पर नजर रख रही हैं ताकि राजधानी में कानून-व्यवस्था बनी रहे।

सोनम वांगचुक ने भी दिया समर्थन

जलवायु कार्यकर्ता सोनम वांगचुक ने भी कहा है कि यदि केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान इस्तीफा नहीं देते हैं तो वह इस विरोध प्रदर्शन में शामिल होंगे। फिलहाल दिल्ली पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां पूरे मामले पर लगातार नजर बनाए हुए हैं।

Google पर संवाद सर्च बनाएं →
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in