‘कॉकरोच जनता पार्टी’ को हाईकोर्ट से झटका, X अकाउंट बहाल करने से इनकार

CJP के सोशल मीडिया हैंडल पर राहत नहीं, दिल्ली हाईकोर्ट ने तत्काल बहाली की मांग ठुकराई
‘कॉकरोच जनता पार्टी’ को हाईकोर्ट से झटका, X अकाउंट बहाल करने से इनकार
Published on: 

नई दिल्ली : दिल्ली हाईकोर्ट ने शुक्रवार (29 मई) को अभिजीत दीपके की अगुवाई वाली ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ (CJP) को बड़ा झटका देते हुए उसके सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X अकाउंट को तुरंत बहाल करने का आदेश देने से इनकार कर दिया। मामले की सुनवाई जस्टिस पुरुषैन्द्र कुमार कौरव की बेंच में हुई।

पूर्व में आम आदमी पार्टी (AAP) से जुड़े रहे अभिजीत दीपके ने हाल ही में ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ नाम से एक नया राजनीतिक अभियान शुरू किया था। यह पार्टी उस विवाद के बाद चर्चा में आई, जब एक सुनवाई के दौरान चीफ जस्टिस सूर्यकांत की ‘कॉकरोच’ और ‘परजीवी’ संबंधी टिप्पणियों को लेकर सोशल मीडिया पर बहस छिड़ गई थी।

बताया गया कि 21 मई को भारत में CJP का आधिकारिक X हैंडल ब्लॉक कर दिया गया था। इसके बाद समर्थकों ने ‘Cockroach Is Back’ नाम से नया अकाउंट बनाया, जिसके अब लाखों फॉलोअर्स हो चुके हैं। पार्टी और उसके समर्थकों ने ‘कॉकरोच’ प्रतीक को विरोध और सिस्टम के खिलाफ आवाज उठाने का प्रतीक बताया है।

16 मई को लॉन्च हुई CJP खुद को युवाओं की आवाज बताती है। हाल के दिनों में पार्टी ने NEET-UG 2026 पेपर लीक मामले को लेकर केंद्र सरकार और शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के खिलाफ ऑनलाइन अभियान भी चलाया था।

वहीं, चीफ जस्टिस सूर्यकांत ने पहले ही अपनी टिप्पणी को लेकर स्पष्टीकरण देते हुए कहा था कि उनकी बातों को गलत तरीके से पेश किया गया। उन्होंने स्पष्ट किया था कि उनकी टिप्पणी युवाओं के खिलाफ नहीं, बल्कि फर्जी और अवैध डिग्री के जरिए कानूनी पेशे में आने वालों के संदर्भ में थी।

सन्मार्ग को Google पर पसंदीदा सोर्स बनाएं →
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in