मणिपुर बम हमले पर सीएम का सख्त एक्शन का वादा

दो बच्चों की मौत से भड़का आक्रोश, दोषियों के खिलाफ केंद्र के साथ मिलकर कार्रवाई की तैयारी
मणिपुर बम हमले पर सीएम का सख्त एक्शन का वादा
Published on

इंफाल : मणिपुर के मुख्यमंत्री वाई. खेमचंद सिंह ने बिष्णुपुर बम हमले में दो बच्चों की मौत के मामले में दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई का वादा किया है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार केंद्र के साथ तालमेल कर सभी जरूरी कदम उठा रही है और हमले के जिम्मेदार लोगों को कानून के दायरे में लाया जाएगा।

मुख्यमंत्री ने बृहस्पतिवार को राज्य सचिवालय में ऑल मणिपुर यूनाइटेड क्लब्स ऑर्गनाइजेशन (एएमयूसीओ) और अन्य सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक के बाद यह बात कही। इस दौरान उन्होंने बताया कि स्थिति को सामान्य बनाने और प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने के लिए केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के साथ लगातार संपर्क बना हुआ है। बैठक में राज्य के गृह मंत्री के. गोविंदास सिंह और कई विधायक भी मौजूद थे।

बिष्णुपुर जिले के ट्रोंगलाओबी में सात अप्रैल को संदिग्ध उग्रवादियों द्वारा एक घर पर बम फेंके जाने से पांच वर्षीय लड़के और उसकी छह महीने की बहन की मौत हो गई थी। इस घटना के बाद घाटी के पांच जिलों में विरोध प्रदर्शन तेज हो गए हैं।

घटना के तुरंत बाद करीब 500 प्रदर्शनकारियों की भीड़ ने सीआरपीएफ शिविर पर हमला कर तोड़फोड़ की और सुरक्षा वाहनों में आग लगा दी। सुरक्षा बलों की गोलीबारी में तीन प्रदर्शनकारियों की मौत हो गई और 30 लोग घायल हो गए। इंफाल पश्चिम, इंफाल पूर्व, थौबल और काकचिंग जिलों में भी टायर जलाकर सड़क जाम और विरोध प्रदर्शन किए गए।

मुख्यमंत्री ने घटना को बेहद दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए कहा कि सरकार कानून-व्यवस्था बनाए रखने और शांति बहाल करने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उन्होंने लोगों और सामाजिक संगठनों से शांति बनाए रखने और प्रशासन का सहयोग करने की अपील की।

संबंधित समाचार

No stories found.

कोलकाता सिटी

No stories found.

खेल

No stories found.
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in