2027 में जनता की अदालत में ‘परीक्षा’ देंगे CM शुभेंदु

बताया 10 अंक में कितना पास और फेल, जनता से मांगा वक्त, कहा : हमलोग नरेंद्र मोदी की गारंटी पूरा करेंगे
2027 में जनता की अदालत में ‘परीक्षा’ देंगे CM शुभेंदु
Published on

सबिता, सन्मार्ग संवाददाता

कोलकाता : पश्चिम बंगाल में भाजपा की सरकार के 100 दिन पूरे होने के मौके पर सीएम शुभेंदु अधिकारी ने बड़ी बात कही है। उन्होंने कहा कि वे खुद जनता के बीच परीक्षा में बैठेंगे। पुरुलिया में पेयजल परियोजना का उद्घाटन करने के बाद एक कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सीएम ने कहा कि किसी को कुछ भी अवैध, तोलाबाजी करने नहीं दूंगा। अनेक आशा सपनों के साथ आपलोगों ने हमलोगों को जिताया है। हमलोग पीएम नरेंद्र मोदी की गारंटी पूरा करेंगे। 2027 के 9 मई को हमारी सरकार के एक साल पूरे होंगे। मेरे मुख्यमंत्रित्व के एक साल पूरे होंगे। उस दिन मैं आपलोगों के सामने परीक्षा में बैठूंगा। वहां जनता मुझे मेरे काम पर नंबर दीजिएगा। अगर दस नंबर में से नौ नहीं पाया तो मैं आपलोगों के सामने क्षमा मांग लूंगा लेकिन आप खुद कहेंगे कि आपने सही व्यक्ति और सही पार्टी को जिम्मेदारी सौंपी थी। हम पर विश्वास रखें। सीएम ने भरोसा जताया कि उनकी सरकार लोगों की उम्मीदों पर खरा उतरेगी। हमें समय दें। केंद्र और राज्य मिलकर आपके कल्याण के लिए काम करेंगे।

100 दिन पूरे, अहम विकास कार्यों का रिपोर्ट कार्ड

पश्चिम बंगाल में भाजपा सरकार के 100 दिन पूरे होने के अवसर पर सोमवार को सीएम पुरुलिया में थे। उनके दो कार्यक्रम थे। दोनों जगहों पर उन्होंने पिछले तीन महीनों में उनकी सरकार द्वारा किए गए विभिन्न विकास कार्यों का विवरण प्रस्तुत किया। पिछले तीन महीनों में सीएम बार-बार कहते रहे हैं कि उनके शासन में केवल पार्टी या झंडे का बदलाव नहीं हुआ है, बल्कि वह इसे साबित भी करेंगे। सीएम ने कहा 100 दिनों में किये कई अहम कार्यों में बीएसएफ को जमीन मुहैया कराना शामिल है। अगले वर्ष 31 मार्च तक पुलिस और शिक्षकों समेत करीब एक लाख सरकारी पदों पर भर्ती की जाएगी। उन्होंने आवास योजना के तहत 30 लाख और घर बनाए जाने की भी घोषणा की। उन्होंने कहा, “हमारी सरकार को ज्यादा समय नहीं हुआ है। इतने कम समय में हमने राष्ट्रीय सुरक्षा को प्राथमिकता दी है। 100 दिनों के भीतर बीएसएफ को जमीन हस्तांतरित करना एक बड़ी उपलब्धि है। उन्होंने यह भी बताया कि संवैधानिक दायित्व के तहत राज्य में जनगणना की प्रक्रिया शुरू हो गई है। उन्होंने आयुष्मान भारत योजना का भी उल्लेख किया। इसके अलावा, आशा और आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं के वेतन में वृद्धि तथा मिड-डे मील और आंगनबाड़ी योजनाओं के लिए सरकारी धनराशि बढ़ाने की बात भी कही।

Google पर सन्मार्ग न्यूज़ पडे →
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in