

सन्मार्ग संवाददाता
कोलकाता : पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने बुधवार को यहां दो थानों का औचक निरीक्षण किया और बाद में राज्य के अग्निशमन और आपातकालीन सेवा मुख्यालय के कामकाज की समीक्षा की। गृह विभाग का प्रभार भी संभाल रहे मुख्यमंत्री ने सबसे पहले शहर के पश्चिमी हिस्से में वाटगंज थाने और फिर इकबालपुर थाने का दौरा किया। अधिकारियों ने बताया कि मुख्यमंत्री ने थानों में बुनियादी ढांचे का जायजा लिया, आधिकारिक रिकॉर्ड की जांच की और महिला पुलिसकर्मियों की तैनाती के बारे में जानकारी ली। इन दौरों के दौरान पुलिस उपायुक्त (डीसीपी-पोर्ट डिवीजन) हरिकृष्ण पाई भी मुख्यमंत्री के साथ थे।
बाद में मुख्यमंत्री मिर्जा गालिब स्ट्रीट पर अग्निशमन और आपात सेवा विभाग के मुख्यालय गये। उनके साथ अतिरिक्त मुख्य सचिव खलील अहमद और पश्चिम बंगाल के अग्निशमन एवं आपात सेवा महानिदेशक अनुज शर्मा भी मौजूद थे। एक अधिकारी ने बताया, ‘‘ये दौरे मुख्यमंत्री के दिन के तय कार्यक्रम का हिस्सा नहीं थे।’’ उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री ने थानों और अग्निशमन विभाग के कामकाज का व्यक्तिगत रूप से जायजा लेने के लिए निरीक्षण किया।