होली के पहले सीएम कर सकती हैं 6-लेन कल्याणी एक्सप्रेसवे का उद्घाटन !

CM may inaugurate 6-lane Kalyani Expressway before Holi!
फाइल फोटो
Published on

निधि, सन्मार्ग संवाददाता

कोलकाता/ बैरकपुर : बंगाल के बुनियादी ढांचे में एक नया मील का पत्थर जोड़ते हुए, मुख्यमंत्री ममता बनर्जी आगामी 2 मार्च को बहुप्रतीक्षित 'सुपरफास्ट' कल्याणी एक्सप्रेसवे राज्य की जनता को समर्पित कर सकती हैं। यह उद्घाटन प्रशासनिक हलकों में मुख्यमंत्री के 'होली उपहार' के रूप में देखा जा रहा है।

वर्चुअल माध्यम से होगा उद्घाटन

तृणमूल के मुख्य सचेतक व विधायक निर्मल घोष ने बताया कि 2 मार्च को नेताजी इंडोर स्टेडियम में आयोजित ‘दोलयात्रा और होली मिलन उत्सव’ के दौरान मुख्यमंत्री वर्चुअल माध्यम से इस एक्सप्रेसवे का उद्घाटन कर सकती हैं। लगभग 2,500 करोड़ रुपये की लागत से तैयार यह सड़क उत्तर 24 परगना और नदिया जिले के बीच कनेक्टिविटी की तस्वीर बदल देगी।

40 मिनट में पूरा होगा सफर

छह लेन के इस 40 किलोमीटर लंबे मार्ग की सबसे बड़ी खासियत इसका 'सिग्नल-फ्री' होना है। बेलघरिया-कल्याणी एक्सप्रेसवे जंक्शन से कांचरापाड़ा के कांपा मोड़ होते हुए बड़ा जागुलिया तक का सफर अब बिना किसी ट्रैफिक सिग्नल के मात्र 40 मिनट में पूरा किया जा सकेगा।

एक्सप्रेसवे की मुख्य विशेषताएं:

  • फ्लाईओवर: 11 किलोमीटर लंबे कुल चार फ्लाईओवर।

  • अंडरपास: सात बड़े अंडरपास और छह छोटे वाहनों के लिए अंडरपास।

  • सुविधाएं: 56 यात्री प्रतीक्षालय, 70 पुलिया (कलवर्ट) और आधुनिक शौचालय।

  • कनेक्टिविटी: बेलघरिया एक्सप्रेसवे से सीधे जुड़ाव के कारण दक्षिणेश्वर और एयरपोर्ट की दूरी घटेगी।

उत्तर बंगाल और एयरपोर्ट जाना होगा आसान

लोक निर्माण विभाग (PWD) द्वारा निर्मित इस सड़क से बारासात जैसे भीड़भाड़ वाले इलाकों में फंसे बिना वाहन सीधे उत्तर बंगाल की ओर निकल सकेंगे। साथ ही नदिया, वर्धमान और हुगली से कोलकाता एयरपोर्ट पहुँचने के समय में भारी कटौती होगी।

logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in